खन्ना में थाने से 100मी दूर ढाबे पर फायरिंग, 50 लाख फिरौती न देने पर किया हमला; विदेशी नंबर से मिली धमकी

 पंजाब के खन्ना में थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक ढाबे पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, जीटी रोड पर ललहेड़ी चौक के पास स्थित “प्रेम ढाबा” को निशाना बनाया गया। सुबह करीब सात बजे दो नकाबपोश युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां पहुंचे और बंद शटर पर चार से पांच गोलियां दाग दीं।

घटना के बाद दोनों हमलावर तेजी से मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शी अशोक कुमार, जो पास में स्कूटर मरम्मत का काम करते हैं, ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी दुकान खोलने आए थे, तभी अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। उन्होंने देखा कि दो युवक सीधे ढाबे की ओर आए और फायरिंग शुरू कर दी। वह डर के कारण तुरंत वहां से हट गए और आसपास के लोगों को इकट्ठा करने की कोशिश की।c

ढाबा मालिक के बयान दर्ज करते हुए पुलिस।

गैंगस्टर शगनप्रीत ने किया था फिरौती के लिए कॉल

बताया जा रहा है कि यह मामला फिरौती से जुड़ा हुआ है। ढाबा मालिक नरेश पाठक को करीब एक सप्ताह पहले एक कॉल आई थी, जिसमें 50 लाख रुपये की मांग की गई थी। कॉल करने वाले ने खुद को शगनप्रीत सिंह बताया और पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी शगनप्रीत सिंह विदेश, खासकर ऑस्ट्रेलिया में बैठकर अपना नेटवर्क चला रहा है और वहीं से रंगदारी की कॉल्स करवा रहा है। इससे पहले भी उसके गिरोह पर पायल अनाज मंडी में एक आढ़ती की दुकान पर फायरिंग कराने के आरोप लग चुके हैं।

मामले को सुलझाने के लिए टीमें गठित

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी मोहित सिंगला ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।

इस मामले को सुलझाने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं, जिनमें सीआईए स्टाफ, शहर थाना एक, शहर थाना दो, पायल थाना और विशेष शाखा की टीमें शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि वारदात थाने के बेहद करीब हुई। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *