हिमाचल लोकभवन में राष्ट्रपति के सम्मान में होगा रात्रिभोज, सीएम सुक्खू सहित 62 खास मेहमान होंगे शामिल

8.5kViews
1782 Shares

हिमाचल प्रदेश के पांच दिवसीय प्रवास पर पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार को लोक भवन में रात्रि भोज में शामिल होंगी। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता राष्ट्रपति के सम्मान में लोक भवन में रात्रिभोज देंगे। इसमें मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित करीब 62 गण्यमान्य अतिथि शामिल होंगे।

रात्रि भोज के समय राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत भी बजाया जाएगा। रात्रि भोज में हिमाचली व्यंजनों के साथ विविध भारतीय और कांटिनेंटल व्यंजनों को शामिल किया गया है।

राष्ट्रपति ने करवाई आयुष थैरेपी

सोमवार को छराबड़ा पहुंचने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आयुष थैरेपी करवाई। सोमवार दोपहर बाद करीब चार बजे दिल्ली से ही साथ आई महिला आयुष विशेषज्ञ ने राष्ट्रपति को आधे घंटे तक शरीर को आराम प्रदान के लिए थैरेपी की।

शाम करीब सात बजे राष्ट्रपति मुर्मु कुछ देर प्रांगण में टहलने के बाद भीतर लौट गईं। पांच दिन के दौरान राष्ट्रपति कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद पहली मई को दिल्ली लौट जाएंगी।

बेटी नहीं आईं साथ इस बार

राष्ट्रपति के साथ इस बार बेटी नहीं आई है, जबकि 2025 में बेटी भी साथ आई थीं। राष्ट्रपति के साथ आने वालों में लेडी एडीसी व राष्ट्रपति सचिवालय से कई अन्य अधिकारी शामिल हैं।

राष्ट्रपति करेंगी निरीक्षण

राष्ट्रपति मंगलवार शाम छह बजे के करीब परिसर में पर्यटकों के लिए विकसित की गई सुविधाओं का निरीक्षण करेंगी। दो साल पहले राष्ट्रपति के निर्देशानुसार राष्ट्रपति निवास परिसर में आने वाले पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *