मेला नौचंदी का उद्घाटन आज, लोगों को दीवार से चिपकाकर गोल-गोल घुमाएगा जीरो ग्रेविटी झूला

 प्रांतीयकृत ऐतिहासिक मेला नौचंदी का बुधवार को जनपद के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह उद्घाटन करेंगे। इस बार पारंपरिक उद्घाटन के दो महीने इंतजार के बाद मेला शुरू हो रहा है। मेले में इस बार जीरो ग्रेविटी झूला दर्शकों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहेगा। दुर्गा मंदिर परिसर में स्थापित यह झूला एक बार में 10 से 20 लोगों को दीवार से चिपकाकर मिक्सर की भांति गोल-गोल घुमाएगा। हालांकि 85 फीट ऊंचा ज्वाइंट व्हील झूले में बैठना भी रोमांचक होगा। इसमें बैठकर शहर दिखाई देगा।

मेला परिसर में इस बार तीन प्लाट में झूले स्थापित किए गए हैं। दुर्गा मंदिर परिसर में इस बार जीरो ग्रेविटी या मिक्सर झूला नया है। झूला संचालक ललित मोहन शर्मा ने बताया कि जीरो ग्रेविटी झूला सेंट्रीफ्यूगल फोर्स के सिद्धांत पर काम करता है, जिससे राइडर दीवार से चिपक जाते हैं। बताया कि जैसे ही यह झूला तेज गति पकड़ता है, मशीन घूमने के साथ-साथ ऊपर की ओर उठने लगती है। इस गति के कारण दर्शक सीट से पीछे की तरफ चिपक जाते हैं।

इसकी रफ्तार इतनी तेज होती है कि फर्श नीचे खिसकने के बावजूद राइडर्स दीवार से मजबूती से चिपके रहते हैं, जिससे एक अनोखे जीरो ग्रेविटी का रोमांच पैदा होता है। ज्वाइंट व्हील झूला अत्यधिक ऊंचाई वाला है। इसकी ऊंचाई 85 फीट है। इस झूलों पर बैठकर ऊंचाई से शहर देखने का भी आनंद आता है। नाव वाले पांच झूले लगाए गए हैं। इन्हें डायनासोर झूला भी कहते हैं। यह झूला एक बार में 50 लोगों को बैठाकर नाव की भांति आगे पीछे झुलाता है।

20 सीट वाला ब्रेक डांस झूला बच्चों के पसंदीदा है। इसमें ब्रेक डांस की भांति झुलाया जाता है। ड्रैगन झूला ऊंचाई पर जाने से घबराने वाले लोगों के लिए यह ट्रेन वाला झूला है। क्रास झूला दर्शकों को तिरछी दिशा में ही गोल गोल घुमाता है। रेंजर झूले में बैठना रोमांचकारी है। हर कोई इसमें झूलने की हिम्मत नहीं कर पाता है। इसमें बेल्ट बांधकर लोगों को बैठाकर 360 डिग्री पर गोल घुमाया जाता है। ऊपर पहुंचने पर इसमें बैठे लोगों का सिर नीचे और पैर आसमान की ओर हो जाते हैं।

अधिकारियों ने किया झूलों का निरीक्षण

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने मंगलवार को फिर से मेला परिसर पहुंचकर मेले के झूला और सर्कस प्लाट में स्थापित किए गए झूलों तथा दुर्गा मंदिर परिसर में स्थापित झूलों का निरीक्षण किया।आम जनता की सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने कुछ संशोधन के दिशा निर्देश भी झूला संचालकों को दिए। एडीएम सिटी बृजेश सिंह ने अग्निशमन, विद्युत सुरक्षा, लोक निर्माण विभाग, पुलिस समेत विभिन्न विभागों को मेले परिसर में स्थापित झूलों तथा अन्य व्यवस्थाओं की जांच करके अनापत्ति देने तथा नियमित रूप से सुरक्षा जांच करने का निर्देश दिया है।

जिलाधिकारी डा. वी के सिंह ने मेला नौचंदी की सुरक्षा और व्यवस्था संभालने के लिए मेला परिसर को 10 सेक्टर में बांटकर मजिस्ट्रेट की तैनाती की है। सप्ताह के सातों दिन में प्रत्येक दिन अलग मेला मजिस्ट्रेट होंगे। इसके लिए सात अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। 10 सेक्टरों में कुल 40 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रत्येक मजिस्ट्रेट को सप्ताह में दो दिन मेले में ड्यूटी देनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *