मुंबई में ग्लोबल म्यूजिक और ब्यूटी आइकन रिहाना की मौजूदगी ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं। अंबानी परिवार ने उन्हें अपने घर पर एक खास लंच के लिए आमंत्रित किया, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान ईशा अंबानी, श्लोका अंबानी, राधिका मर्चेंट और अनंत अंबानी भी मौजूद रहे।
यह मुलाकात सिर्फ एक सामाजिक कार्यक्रम नहीं थी, बल्कि इसमें भारतीय संस्कृति और परंपरा की झलक भी देखने को मिली। अंबानी परिवार के घर को फूलों और पारंपरिक कलाकृतियों से सजाया गया था, जिससे पूरा माहौल खास बन गया। रिहाना को घर के मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए भी देखा गया, जिसने इस मुलाकात को और भी खास बना दिया।
रिलायंस रिटेल के साथ भारत में ‘Fenty Beauty’ की एंट्री
दरअसल, यह दौरा एक बड़े कारोबारी मौके से भी जुड़ा था। रिलायंस रिटेल के जरिए भारत में Fenty Beauty की आधिकारिक लॉन्चिंग की गई। यह ब्रांड अब रिलायंस के ब्यूटी प्लेटफॉर्म Tira और ग्लोबल रिटेलर Sephora पर उपलब्ध होगा। इस साझेदारी को भारत के बढ़ते लक्जरी ब्यूटी मार्केट के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
रिहाना का स्टाइलिश अंदाज चर्चा में
इवेंट के दौरान रिहाना का फैशन सेंस भी खूब चर्चा में रहा। उन्होंने ‘Mugler Fall 2026’ कलेक्शन का एक स्टाइलिश आउटफिट पहना, जिसमें मोनोक्रोम चार्ट्र्यूज़ रंग का टॉप और लेदर स्कर्ट शामिल थी। बाद में आफ्टर-पार्टी के लिए उन्होंने काले रंग की फिट-एंड-फ्लेयर ड्रेस पहनी, जिसमें मॉडर्न डिजाइन के साथ एलिगेंस का खास मेल देखने को मिला।
उन्होंने अपने लुक को हीरे की अंगूठियों, इयर कफ्स और मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए गए ‘हाथफूल’ के साथ पूरा किया, जिससे उनके अंदाज में देसी टच भी नजर आया।
गौरतलब है कि रिहाना इससे पहले 2024 में भी मुंबई आई थीं, जब उन्होंने अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन में परफॉर्म किया था। साल 2017 में लॉन्च हुआ Fenty Beauty ब्रांड अपनी ‘इंक्लूसिविटी’ के लिए जाना जाता है, जिसने शुरुआत में ही 40 अलग-अलग शेड्स के साथ ब्यूटी इंडस्ट्री में नई पहचान बनाई थी।


