ऑनलाइन उत्पाद बेचने वाली कंपनियों का आर्डर डिलीवरी करने वाली कंपनी के कर्मचारी खेल कर रहे थे। कंपनी के हब से फर्जी डिलीवरी दिखाकर पार्सल की चोरी कर रहे थे।
कंपनी काे किया गया आर्डर नहीं मिलने पर एक ग्राहक ने शिकायत की तो पूरा मामला खुल गया। कंपनी के प्रतिनिधि की ओर से सिकंदरा थाने में कर्मचारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सिकंदरा के लखनपुर में फ्लिपकार्ड के हब पर इंस्टाकार्ड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के द्वारा पार्सल डिलीवरी का काम किया जाता है। कंपनी के प्रतिनिधि आरके शर्मा ने हब में कर्मचारियों द्वारा की जा रही हेराफेरी की डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास से शिकायत की थी।
बताया कि उनकी कंपनी देश भर में लाॅजिस्टिक साझीदार के रूप में काम करती है। फ्लिपकार्ट के लिए भी सेवाएंं देती है। आगरा का पहला हब सिकंदरा के लखनपुर गांव में है।
पिछले दिनों हेरिकसन ओवरसीज के गिरीश पिप्पल ने हब प्रबंधन को सूचना दी कि कई शिपमेंट सिस्टम में डिलीवर दिखा रहे हैं। जबकि उन्हे कोई पार्सल नहीं मिला है। जिसके बाद कंपनी ने शिकायत की जांच कराई।
जिसमें सामने आया कि मोहित बघेल निवासी नगला चीता मथुरा और सनी निवासी हाथरस साथी कर्मचारियों की आइडी का चोरी से प्रयोग कर रहे थे। सनी अपने सुपरवाइजर नरेश और मोहित राहुल दीक्षित की आइडी का प्रयाेग कर रहे थे।
दोनों आरोपितों ने कंपनी के डिलीवरी एप के पुराने वर्जन का प्रयाेग किया था। आरोपितों ने स्कैनिंग एंट्री, डिलीवरी टाइम एवं रिकार्ड में हेराफेरी करके फर्जी डिलीवरी दिखाई। एप में 14 फरवरी 2026 से 51शिपमेंट डिलीवर दर्ज किए थे।
सत्यापन करने पर इनमें से सिर्फ 27 ही ग्राहकों को मिले। बाकी 24 शिपमेंट को फर्जी तरीके से सिस्टम में दर्ज पाए गए। कंपनी द्वारा विस्तृत जांच कराने पर 1443 शिपमेंट में गड़बड़ी पाई गई। जिससे कंपनी को 35 लाख रुपये की क्षति हुई।
कर्मचारियों से पूछताछ करने पर उन्होंने हेराफेरी की बात स्वीकार की। इंस्पेक्टर सिकंदरा प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि कंपनी प्रतिनिधि की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।


