दूल्हे की बहन की डिमांड पर बिगड़ गई बात, फोटो शूट के बाद बिना दुल्हन लौट गई बरात

 मांट थाना क्षेत्र स्थित राया रोड पर बने एसडी ग्रांड पैलेस होटल में शनिवार रात एक शादी समारोह के दौरान कमरे को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आखिरकार बरात बिना दुल्हन के लौट गई। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से रिश्ता खत्म कर दिया।

नगला सुदामा निवासी की पुत्री का विवाह लक्ष्मीनगर निवासी के पुत्र के साथ तय हुआ था। लड़का भारतीय सेना में कार्यरत है। शादी समारोह पूरे उत्साह और धूमधाम से चल रहा था। नाश्ता और दावत के बाद मंच पर फोटो शूट का कार्यक्रम जारी था।

इसी दौरान दूल्हे की बहन ने होटल में अपने लिए एक कमरे की मांग की। कमरे की व्यवस्था को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

दूल्हे की बहन अपने पति संग लौट गई

बताया गया कि नाराज होकर दूल्हे की बहन अपने पति के साथ लक्ष्मीनगर लौट गई। इससे दूल्हा भी नाराज हो गया और उसने बहन-बहनोई के बिना फेरे लेने से इनकार कर दिया। मामला बढ़ने पर सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी।

सुबह तक विवाद चला और कई घंटे चली बातचीत

रविवार तड़के चार बजे तक विवाद चलता रहा, जिसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। वहां कई घंटों तक वार्ता चली। सुबह 10 बजे पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों ने शादी में हुए खर्च का हिसाब-किताब कर आपसी लेनदेन निपटाया और रिश्ता समाप्त करने पर सहमति बना ली। इसके बाद बरात बिना दुल्हन के बैरंग लौट गई। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *