पंचर लगाते समय टायर फटने के बाद हवा का तेज प्रेशर सीने पर लगा और युवक की चली गई जान

6.8kViews
1131 Shares

अंबेहटा नगर के मोहल्ला कोटला निवासी युवक की टायर में हवा भरते समय टायर फटने से मौत हो गई।

शाहिद पुत्र लतीफ यमुनानगर बाईपास पर टेंपो में चलती फिरती टायर पंचर की दुकान चलाता था। गुरुवार देर रात अपनी टैंपो को सड़क के किनारे लगा कर ट्रक के टायर में पंचर लगा रहा था, पंचर लगाने के बाद टायर में हवा भर रहा था तभी धमाके के साथ टायर फट गया। टायर फटने के बाद हवा का प्रेशर शाहिद के सीने पर लगा और वह घायल होकर वहीं गिर गया।

उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना ट्रक ड्राइवर ने मृतक के स्वजन को दी। देर रात स्वजन बिना किसी कार्रवाई के श् को घर ले आए। मृतक के भाई इमरान ने बताया कि वह पहले ड्राइवरी करता था, जिसके कारण घर चलाने में परेशानी उठानी पड़ रही थी। मात्र 6 महीने पूर्व ही उसने टायर पंचर का काम शुरू किया था। मृतक के दो बेटे व दो बेटी हैं।

डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

नानौता: तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई।
गुरुवार की शाम लगभग साढ़े छह बजे थाना भवन की ओर से एक व्यक्ति अपनी पत्नी और पुत्री को लेकर बाइक पर आ रहा था। जैसे ही वह दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर गांव जंधेडी के निकट गंग नहर के पास एक कट से विपरीत साइड में पहुंचा, तभी नानौता की ओर से तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी।

पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को नानौता सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बाइक सवार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मां-बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। मृतक की पहचान 42 वर्षीय लालसिंह उर्फ लाला के रूप में हुई, जो थाना बड़गांव के अम्बेहटा मिर्जापुर गांव का निवासी था।

उसकी पत्नी राजवती और पुत्री शालू भी घायल हैं। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। थाना इंस्पेक्टर नवीन कुमार सैनी ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। मृतक बिना हेलमेट के यात्रा कर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *