पंचकूला: पत्नी से नहीं हुआ बच्चा तो नाबालिग साली को भगा ले गया जीजा, किशोरी के गर्भवती होने के बाद आरोपी गिरफ्तार

5.5kViews
1960 Shares

 पत्नी को बच्चा नहीं हुआ तो पति नाबालिग साली को ही भगा ले गया। आरोपित ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और पीड़िता अब गर्भवती है। पंचकूला पुलिस ने करीब दो महीने लापता 17 वर्षीय किशोरी को बरामद कर लिया है। वहीं आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि पीड़िता की काउंसलिंग करवाई जा रही है।

16 फरवरी को सेक्टर-19 की रहने वाली महिला ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय बेटी 14 फरवरी (वेलेंनटाइन डे) की रात से अचानक लापता हो गई। पड़ोस में रहने वाला उनका रिश्तेदार भी उसी रात से गायब है। परिजनों ने शक जताया कि वही व्यक्ति उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर साथ ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज प्रवीण कुमार की टीम लगातार इस मामले पर काम कर रही थी। करीब दो महीने की मशक्कत और तकनीकी सहायता के बाद आरोपित का सुराग लगाते हुए उसे पलवल से दबोच लिया और किशोरी को बरामद किया गया। किशोरी की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपित और पीड़िता का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और वर्तमान में पंचकूला में रह रहे हैं। किशोरी आरोपित की पत्नी के चाचा की लड़की (साली) है। आरोपित ने बताया कि उसकी पत्नी से कोई संतान नहीं हो रही थी। इसलिए संतान की चाहत में वह नाबालिग साली को भगा ले गया।

आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 96, 64(2)एम और पाक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। आरोपित को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *