जिले को इस वर्ष 15 अगस्त के अवसर पर एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। कांटी अंचल के दाउदपुर कोठी में बन रहा 2000 क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम लगभग तैयार है।
प्रशासन की योजना है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यहां भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ इसका शुभारंभ किया जाए।
जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और कार्य प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जुलाई तक सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा कर लिया जाए, ताकि समय पर उद्घाटन संभव हो सके।
50 करोड़ की लागत से बन रहा
यह आधुनिक ऑडिटोरियम करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से चार एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। भवन निर्माण विभाग के अनुसार, परिसर की चहारदीवारी का कार्य पूरा हो चुका है और मुख्य भवन तेजी से आकार ले रहा है।
एप्रोच रोड निर्माण पर भी जोर
डीएम ने मुख्य सड़क से ऑडिटोरियम तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एप्रोच पथ निर्माण को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। नगर निगम को जल्द प्राक्कलन तैयार कर कार्य शुरू करने को कहा गया है, जबकि परिसर के अंदर का मार्ग भवन निर्माण विभाग तैयार करेगा।
तालाबों के सौंदर्यीकरण से बढ़ेगी खूबसूरती
ऑडिटोरियम के पास स्थित दो तालाबों के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निर्देश दिए गए हैं कि आसपास आकर्षक विकास कार्य कर पूरे क्षेत्र को एक सुंदर और दर्शनीय परिसर के रूप में विकसित किया जाए।
बहुउद्देशीय सुविधाओं से लैस होगा केंद्र
यह ऑडिटोरियम आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक संसाधनों से सुसज्जित होगा। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेमिनार, वर्कशॉप, प्रशिक्षण सत्र और बड़े स्तर की बैठकों का आयोजन किया जा सकेगा। इससे जिले की सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी।


