जिले में प्रशासनिक सख्ती के बावजूद गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव का है, जहां भूमि विवाद को लेकर बदमाशों ने एक किसान को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल का इलाज एक निजी अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है।
घायल की पहचान शेरपुर गांव निवासी स्व. शिवजी राय के 40 वर्षीय संजय कुमार राय के रूप में की गई है। उन्हें बाएं छाती के ऊपरी हिस्से में गोली लगी है, जिससे उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के संबंध में घायल की पत्नी शोभा कुमारी ने बताया कि देर रात मवेशी खुलने की आवाज सुनकर संजय कुमार राय घर के पीछे स्थित बथान पर गए थे।
इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर स्वजन मौके पर पहुंचे तो वे खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लंबे समय से चल रहा था विवाद
परिजनों के अनुसार, पड़ोसी मनोज कुमार राय से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। एक सप्ताह पूर्व भी इसी विवाद को लेकर मारपीट हुई थी, जिसमें जान से मारने की धमकी दी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ऋषिकांत ने बताया कि घायल के फर्द बयान के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


