पटना के मसौढ़ी वार्ड 22 में लोगों को नहीं मिल रही सुविधाएं, जर्जर सड़कें और जाम से लोग बेहाल

 मसौढ़ी नगर परिषद के वार्ड संख्या 22 में बुनियादी सुविधाओं की कमी और अव्यवस्था के कारण स्थानीय लोग लंबे समय से परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

जर्जर और अतिक्रमित सड़कों, टूटी और बजबजाती नालियों, अनियमित साफ-सफाई और कूड़ा उठाव की कमी ने यहां के निवासियों की जिंदगी को मुश्किल बना दिया है। पेयजल आपूर्ति भी अव्यवस्थित है। हालात ऐसे हैं कि कई लोग अब इन समस्याओं को अपनी नियति मानने लगे हैं।

वार्ड संख्या 22 का गठन तारेगना गोला और रहमतगंज के एक बड़े हिस्से को मिलाकर किया गया है। यह क्षेत्र व्यवसायिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जाता है, लेकिन यहां की प्रमुख सड़कों की स्थिति अत्यंत खराब है।

डाकबंगला रोड और स्टेशन रोड जैसे व्यस्त इलाके अतिक्रमण की चपेट में हैं। डाकबंगला रोड पर सब्जी मंडी होने के कारण सुबह से ही मालवाहक वाहनों की भीड़ लग जाती है। दोपहर बाद खरीदारों की भीड़ से हालात और बिगड़ जाते हैं। इस भीड़भाड़ के कारण स्थानीय लोगों के लिए घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।

दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित

लगातार जाम की स्थिति से दुकानदारों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है, क्योंकि ग्राहक यहां आने से बचते हैं। स्टेशन रोड स्थित महावीर मंदिर के पास अघोषित टेंपो पड़ाव के कारण हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है।

डाकघर के पास संकीर्ण सड़क पर पड़ाव के लिए की गई नीलामी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है, जिससे पैदल चलना भी कठिन हो गया है। इन घोषित और अघोषित पड़ावों के कारण अक्सर दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न होती रहती है।

वार्ड का रहमतगंज इलाका बुनियादी सुविधाओं के अभाव का सबसे बड़ा उदाहरण है। यहां की कई गलियां अब भी कच्ची हैं और नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण वे बजबजाती रहती हैं। साफ-सफाई की कमी से कूड़े के ढेर लगे रहते हैं, जिससे वातावरण दूषित बना रहता है।

नलजल योजना के तहत पानी की आपूर्ति अनियमित और अव्यवस्थित है, जिसके कारण कई घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता। स्ट्रीट लाइट और फागिंग जैसी सुविधाएं यहां के लोगों के लिए अभी दूर की बात हैं। इस क्षेत्र की सड़कों की स्थिति भी अत्यंत खराब है।

स्टेशन रोड से रहमतगंज होते हुए गांधी मैदान जाने वाली सड़क, कुम्हारटोली-डाकबंगला रोड और रहमतगंज-मंडप रोड जर्जर हो चुकी हैं।

सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे

सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी गिट्टियां दुर्घटना का कारण बन रही हैं। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाता है और नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगता है, जिससे जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है।

रहमतगंज-जानकी मार्केट की गलीनुमा सड़क का बड़ा हिस्सा टूटा हुआ है। यादवेश मार्केट की गली में चैंबर टूटे होने से खतरा बना रहता है।

मेन रोड पर निर्माणाधीन आरओबी के कारण वाहनों के परिचालन पर रोक है, जिससे लोग मजबूरी में इन संकरी और खराब सड़कों का उपयोग कर रहे हैं। गोला रोड की स्थिति भी लगभग ऐसी ही बनी हुई है, जहां खराब सड़क और अव्यवस्था लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।

सड़क और नाली का जल्द शुरू होगा निर्माण

वार्ड पार्षद वार्ड पार्षद रेणु कुमारी ने कहा कि मेरे कार्यकाल में तिनेरी मार्केट से रहमतगंज रोड और रहमतगंज रोड से सब्जी मंडी रोड बनी है। अन्य सड़कों और नाली के निर्माण के लिए टेंडर हो चुका है। साफ-सफाई के लिए नई एजेंसी की टेंडर प्रक्रिया में है।

जमीन के अभाव में जलमीनार नहीं बन पा रहा है। गली में साइकिल पर छोटी मशीन से फागिंग कराई जा रही है। डाकबंगला रोड से सब्जी मंडी को शिफ्ट करने के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। रहमतगंज-जानकी मार्केट रोड में खाने-पीने के सामान के कारखाने को हटाने के लिए उनके मालिकों के खिलाफ नोटिस की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *