हापुड़ में जीएसटी एसआईबी का बड़ा छापा, 90 लाख के आईटीसी अंतर पर 85 लाख जमा

7.5kViews
1515 Shares

 हापुड़ शहर के पक्का बाग क्षेत्र में स्थित एक व्यापारिक प्रतिष्ठान पर जीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा (SIB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापा मारा। इस कार्रवाई से व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जांच के दौरान टीम को फर्म के इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) में लगभग 90 लाख रुपये का अंतर मिला, जिसके बाद मौके पर ही 85 लाख रुपये विभाग के खाते में जमा कराए गए।

स्किम्ड मिल्क पाउडर के कारोबार से जुड़ी है फर्म

यह कार्रवाई शासन के निर्देश पर की गई। जीएसटी एसआईबी टीम ने उपायुक्त विमल दूबे के नेतृत्व में सहायक आयुक्त विपिन शुक्ला, सतीश तिवारी और आलोक रॉय के साथ जानकी दास रघुवर दयाल नामक फर्म पर जांच की। संबंधित फर्म स्किम्ड मिल्क पाउडर के कारोबार से जुड़ी हुई है।

टीम ने फर्म के खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच के दौरान सामने आया कि फर्म द्वारा दावा किए गए आईटीसी और वास्तविक आंकड़ों में भारी अंतर है। प्रारंभिक जांच में करीब 90 लाख रुपये की गड़बड़ी पाई गई।

विस्तृत जांच है बाकी

इस अनियमितता के सामने आने के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फर्म से 85 लाख रुपये जमा कराए। अधिकारियों के अनुसार, यह केवल प्रारंभिक जांच का हिस्सा है और फर्म की विस्तृत जांच अभी जारी है। आगे की जांच में और भी अनियमितताएं सामने आ सकती हैं।

जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस छापेमारी से कर चोरी करने वाले व्यापारियों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है, वहीं विभाग ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *