केतन की बहन के सवाल और सिया के गोलमोल जवाब, हत्या के चार दिन बाद ही पकड़ा गया ‘कातिल’ मंगेतर का झूठ

8.5kViews
1736 Shares

देश में इस समय केतन अग्रवाल मर्डर केस की चर्चा हो रही है। इस मामले में कई पहलू सामने आए हैं। केतन की हत्या में उसकी मंगेतर सिया गोयल काम नाम सामने आया है। इस नाम का खुलासा होने में केतन की बहन की भी अहम भूमिका रही है। उसके एक शक ने केतन की मौत का सच सामने ला दिया।

18 जून को सिया के साथ ट्रेकिंग ट्रिप पर गए केतन अग्रवाल लोहागढ़ किले में एक खाई में गिर गया और उसकी मौत हो गई। आरोप है कि सिया ने उसे ऊंचाई से धक्का दिया था।

बहन के शक पर पुलिस ने शुरू की गहराई से जांच

शुरुआत में लोनावला रूरल पुलिस ने इसे एक हादसा माना और एक्सीडेंटल डेथ (हादसे से हुई मौत) का मामला दर्ज किया लेकिन केतन की बहन ही थी जिसने दुर्घटना वाली थ्योरी पर विश्वास करने से इनकार कर दिया। उनके शक ने ही इस पेचीदा साजिश का पर्दाफाश करने की शुरुआत की।

केतन की बहन के मन में कौंध रहे थे कई सवाल

केतन के अंतिम संस्कार के बाद भी उसकी बहन को हादसे की कहानी पर शक था और वह उसकी बारीकी से पड़ताल करती रही। उसके मन में कई ऐसे सवाल थे जिनका कोई जवाब नहीं मिला था।

एनडीटीवी की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया है कि घटना के चार दिन बाद सिया गोयल अग्रवाल परिवार के घर शोक व्यक्त करने गईं। इस दौरान केतन की बहन ने सिया से लोहगढ़ में हुई घटना के बारे में विस्तार से सवाल-जवाब किए।

सिया के जवाबों से केतन की बहन को हुआ शक

केतन और सिया 31 मई, 14 जून और 18 जून को तीन बार लोहागढ़ किले में ट्रेकिंग के लिए गए थे। सिया के जवाबों में विरोधाभास और उसके टालमटोल वाले रवैये से बहन का शक और गहरा गया। इसके बाद उसने परिवार के साथ अपनी शंकाएं साझा कीं, जिसके बाद वे पुलिस के पास गए और मामले की नए सिरे से जांच की मांग की।

परिवार के जोर देने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूतों की जांच शुरू की और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच कथित अफेयर के बारे में भी पता चला।

सिया और चेतन के रिश्ते के बारे में गोयल परिवार को थी जानकारी

अग्रवाल परिवार का आरोप है कि गोयल परिवार को सिया और चेतन के रिश्ते के बारे में पता था फिर भी उन्होंने इस रिश्ते पर जोर दिया और उन्हें भरोसा दिलाया कि सब ठीक हो जाएगा।

इलाके के सीसीटीवी फुटेज में जून की गर्मी के बावजूद हुडी पहने एक व्यक्ति को केतन और सिया की गाड़ी का पीछा करते और लोहगढ़ किले के आस-पास घूमते हुए देखा गया। उसके अजीब पहनावे ने जांचकर्ताओं का ध्यान खींचा, जिससे उन्हें चेतन की पहचान करने और उसका पता लगाने में मदद मिली।

सिया के बयान से पुलिस को भी हुआ शक

पुलिस को उस दिन के बारे में सिया के बयानों में भी गड़बड़ी मिली, जिसमें केतन के गिरने के बाद उसने जो बातें बताई थीं वे भी शामिल थीं। इसके बाद मामले की और गहराई से जांच शुरू की गई।

फिर पुलिस ने सिया और चेतन को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ शुरू की। जब दोनों ने साफ-साफ जवाब नहीं दिए तो पुलिस ने पूछताछ और जांच तेज कर दी। जांच से यह संकेत मिलने लगा कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि पहले से सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या थी।

फेसटाइम और व्हाट्सएप कॉल के जरिए करते थे बात

बाद में पुलिस को पता चला कि सिया और चेतन पिछले तीन साल से संपर्क में थे और इस साल जनवरी से जून के बीच उन्होंने 2,004 बार बात की थी, जिसमें कुल 238 घंटे की बातचीत हुई। पुलिस का आरोप है कि दोनों अक्सर फेसटाइम और व्हाट्सएप कॉल के जरिए भी बात करते थे।

शुरुआत में सिया ने पुलिस को बताया कि फोटो खिंचवाते समय केतन फिसलकर खाई में गिर गया था। लेकिन मंगलवार को पुलिस ने कहा कि सिया और उसके प्रेमी चेतन ने केतन को धक्का देकर मार डाला और इसे एक हादसा दिखाने की कोशिश की।

पुलिस ने 23 जून को सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया और अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *