जिले में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) रजिस्ट्रेशन शुल्क में भारी वृद्धि को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शुरुआत में फ्री में कनेक्शन दिया गया, फिर ढाई सौ किया गया, उसके बाद 618 रुपये ऑनलाइन जमा कराए गए।
अब जब पेट्रोलियम पदार्थ की किल्लत हो गई है, तो PNG कनेक्शन की फीस बढ़ाकर 6500 रुपये कर दिया गया। इसका विरोध शुरू हो गया है। शेरपुर पंचायत के सरपंच नंदन कुमार झा ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर कनेक्शन शुल्क पूर्ववत करने का आग्रह किया है।
पत्र में कहा कि केंद्र सरकार की घर-घर पाइप लाइन गैस पहुंचाने की योजना आम जनता के लिए लाभकारी है। रजिस्ट्रेशन शुल्क में अचानक बढ़ोतरी से गरीब, निम्न मध्यम व मध्यम वर्ग के लोगों के लिए इस सुविधा से जुड़ना मुश्किल हो गया है।
पहले कम शुल्क होने से बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने योजना में रुचि दिखाई थी, लेकिन अब अधिक राशि लोगों को पीछे हटने पर मजबूर कर रही है। कहा कि वैश्विक युद्ध के कारण जहां एलपीजी संकट है, वहीं गैस कंपनी जनता से कई गुना पैसे वसूलने में लगी हैं। ऐसे मौके पर जनता को और गरीबी में झोंकना उचित नहीं।
गैस कनेक्शन दिलाने में असफल होने पर एरिया मैनेजर का स्थानांतरण
शहर सहित आसपास के इलाके में पाइप लाइन गैस कनेक्शन दिलाने में असफल साबित होने का समाचार दैनिक जागरण में लगातार प्रकाशित किया। इस पर IOCL कंपनी के उच्चाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए मुजफ्फरपुर एरिया मैनेजर अनिश कुमार का तबादला कर दिया है।
आरोप था कि वे कार्यालय में रहने के बाद भी आम जनता की शिकायतें नहीं सुनते थे और बाहर होने का बहाना बना देते थे। इसकी शिकायत यहां डीएम से लेकर आइओसीएल के उच्चाधिकारियों तक गई। उसके बाद उनका तबादला पटना में कर दिया गया है। उनकी जगह दूसरे एरिया आफिसर को भेजा गया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

