गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर सेक्टर 66 में शनिवार रात सामान से लदे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे के बाद व्यस्त मार्ग पर अफरातफरी का माहौल बन गया और एक साइड का ट्रैफिक थम गया। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया जाता है कि शनिवार रात करीब दस बजे एक ट्रक सामान लेकर गोल्फ कोर्स रोड एक्सटेंशन से फरीदाबाद की तरफ जा रहा था। जब ट्रक सेक्टर 66 में आईएफसी बिल्डिंग के सामने पहुंचा, तभी अचानक उसके केबिन और पिछले हिस्से से धुआं निकलने लगा। पीछे से आ रहे अन्य वाहन ड्राइवरों ने हॉर्न बजाकर ट्रक ड्राइवर को इसकी चेतावनी दी।
धुआं निकलता देख ड्राइवर ट्रक को सड़क किनारे ले गया और उससे कूद गया। इसके बाद आग की लपटें तेजी से ऊपर उठने लगीं। आसमान में काले धुएं का गुबार बन गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक ट्रक और उसमें रखा लाखों रुपए का सामान जल गया।
शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर अंदेशा जताया जा रहा है कि ट्रक के इंजन में हुए किसी शॉर्ट सर्किट की वजह से यह आग लगी। पुलिस ने सड़क से ट्रक के मलबे को हटाने और यातायात को दोबारा सुचारू करने के लिए क्रेन बुलाई। राहत की बात है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।


