दंपती के साथ सोमवार को मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली घटना हुई। धर्म परिवर्तन के संदेह में एक व्यक्ति ने पंचायत के सामने अपने ही बेटे और पुत्रवधू की बेरहमी से पिटाई कराई। दोनों के गले में जूतों की माला डालकर पूरे गांव में घुमाया गया।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। बलराम अपनी पत्नी रानी के साथ आगरा में रहता था। होली पर करीब डेढ़ महीने पहले बलराम रानी व 13 वर्षीय बेटे के साथ गांव लौटा था।
ग्रामीणों के मुताबिक, स्वजन को काफी समय से दोनों के हाव-भाव और पूजा-पाठ के तौर-तरीकों को लेकर संदेह था। पति-पत्नी परिवार के सदस्यों से ज्यादा बातचीत नहीं करते थे। शक को दूर करने के लिए सोमवार को गांव में पंचायत बुलाई गई।
पंचायत ने दंपती की पिटाई शुरू कर दी
इस दौरान दंपती से पूछताछ की गई। आरोप है कि पूछताछ में कथित तौर पर उनके धर्म परिवर्तन की बात सामने आई। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। पंचायत में मौजूद कुछ लोगों ने बलराम और उसकी पत्नी रानी की पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि पिता के कहने पर ही दोनों को पंचायत में पीटा गया।
हद तब हो गई जब मारपीट के बाद दोनों के गले में जूतों की माला डाल दी गई और उन्हें पूरे गांव में घुमाया गया। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इसमें दंपती के गले में जूतों की माला दिखाई दे रही है और भीड़ उनके साथ चल रही है। डिप्टी एसपी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि महिला की जाति पता की जा रही है। मारपीट करने और जूतों की माला पहनाकर घुमाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

