उत्तर प्रदेश में शासन स्तर से रोडवेज कर्मियों की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ा दी गई है।
पहले कर्मियों को पांच हजार रुपये की राशि दी जाती थी। किसी भी कारणों से मृत्यु होने पर उसके आश्रितों को अंतिम संस्कार की धनराशि अब 20 हजार रुपये कर दी गई है।
अब नई व्यवस्था में कोई कटौती नहीं होगी
रोडवेज डिपो के एआरएम हेमंत मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन स्तर से रोडवेज कर्मियों की मृत्यु होने पर उनके अंतिम संस्कार के लिए दी जाने वाली सहायता राशि में वृद्धि की गई है। जिसको बढ़ाकर अब 20 हजार रुपये की सहायता राशि मिलेगी, जबकि पहले अंत्येष्टि के लिए पांच हजार रुपये दिए जाते थे, जो बाद में उनको दी जाने वाली राशि से काट लिया जाता था। लेकिन अब नई व्यवस्था में ऐसी कोई कटौती नहीं की जाएगी। इसको लेकर कर्मियों के द्वारा मांग की जा रही थी।
हेमंत मिश्रा ने बताया कि इसके मध्यनजर प्रदेश सरकार के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने रोडवेज के अंतर्गत कार्यरत नियमित, संविदा व आउटसोर्स कर्मियों की किन्हीं भी कारणों से मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को अंतिम संस्कार के लिए तत्काल 20 हजार रुपये प्रदान किए जाने की घोषणा कर दी गई हैं।
यह राशि निगम की आय से दी जाएगी
हेमंत मिश्रा ने बताया कि रोडवेज कर्मियों को यह राशि निगम की आय से दी जाएगी और इसका समायोजन यात्री राहत एवं सुरक्षा योजना से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निगम की बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों, कार्मिकों के लिए दिनों दिन बेहतर एवं उत्कृष्ट सुविधाएं देने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं। किसी भी कर्मचारियों को सरकार की उपलब्धियों से वंचित नहीं रखा जाएगा।
उन्होंने कर्मचारियों से अपील की है कि वे अपने परिजनों के सदस्यों का विवरण विभाग में दर्ज करा दें, जिससे आवश्यकता पड़ने पर सहायता राशि शीघ्रता से प्रदान की जा सके।


