कल से जर्मनी के दौरे पर होंगे राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री का सात साल में पहला दौरा

 रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 से 23 अप्रैल तक जर्मनी का आधिकारिक दौरा करेंगे। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच रणनीतिक रक्षा साझेदारी को और मजबूत करना है।

इस तीन दिवसीय दौरे में वह अपने जर्मन समकक्ष बोरिस पिस्टोरियस और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का पिछले सात सालों में जर्मनी का यह पहला दौरा है।

क्या होगा चर्चा का केंद्र?

रक्षा मंत्रालय के अनुसार चर्चा का केंद्र रक्षा औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देना, सैन्य संबंधों को मजबूत करना, साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और ड्रोन जैसे उभरते क्षेत्रों में अवसरों की खोज करना होगा। दोनों रक्षा मंत्रियों की उपस्थिति में रक्षा औद्योगिक सहयोग रोडमैप और संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों के प्रशिक्षण में सहयोग के लिए कार्यान्वयन व्यवस्था पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।

सात साल बाद हो रहा रक्षा मंत्री का दौरा

राजनाथ सिंह जर्मन रक्षा उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत करने की उम्मीद है, ताकि मेक-इन-इंडिया पहल के तहत संयुक्त विकास और सह-उत्पादन को बढ़ावा दिया जा सके।

रक्षा मंत्री का दौरा सात वर्षों के अंतराल के बाद हो रहा है। जर्मनी में तत्कालीन भारतीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण का अंतिम दौरा फरवरी, 2019 में हुआ था। बोरिस पिस्टोरियस ने जून, 2023 में भारत दौरा किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *