अमरावती यौन शोषण मामले में 15 वर्षीय लड़की ने दर्ज कराई शिकायत, अभी और आएंगी सामने

 महाराष्ट्र के अमरावती जिले में हुए यौन शोषण के मामले में एक 15 वर्षीय लड़की ने शिकायत दर्ज कराई है। राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने शनिवार को बताया कि अन्य संभावित पीड़ितों से भी बयान दर्ज कराने की अपील की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सात मोबाइल फोन, एक लैपटाप, एक हार्ड डिस्क और एक टैबलेट समेत कई इलेक्ट्रानिक उपकरण जब्त किए गए हैं।

अमरावती के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का दौरा करने के बाद बावनकुले ने कहा कि नागपुर की एक 15 वर्षीय पीडि़ता ने शिकायत दर्ज कराई है। उसका बयान लिया गया है। जब्त किए गए इलेक्ट्रानिक उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

रिपोर्ट जल्द ही आने की उम्मीद है। इस मामले में यह लड़की पहली शिकायतकर्ता है।11 अप्रैल को इंटरनेट मीडिया पर नाबालिग लड़कियों के अश्लील वीडियो क्लिप और तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

इसके बाद उन्होंने मुख्य आरोपित अयान अहमद तनवीर अहमद सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया, जिन्हें 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस पीड़िताओं से परातवाड़ा क्षेत्र के रहने वाले अयान अहमद के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराने का आग्रह कर रही थी, लेकिन कोई भी आगे नहीं आया।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने स्वयं ही जांच शुरू कर दी है, लेकिन 15 वर्षीय लड़की इस मामले में पहली शिकायतकर्ता है। उन्होंने कहा कि उसकी सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरती जा रही है।

उन्होंने पीड़िताओं से निडर होकर आगे आने की अपील की और आश्वासन दिया कि उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस के अनुसार, अयान अहमद ने कथित तौर पर कथोरा रोड पर मानव सुगंधे के किराए के फ्लैट का इस्तेमाल महिलाओं का शोषण करने के लिए किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *