मुंबई इंडियंस के दिग्गज ओपनर रोहित शर्मा को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। इसके बाद खबर है कि रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के आगामी दो मैचों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस का गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम पर पंजाब किंग्स से मुकाबला होगा।
मुंबई की टीम इस समय संघर्ष के दौर से गुजर रही है। मौजूदा आईपीएल में अपना पहला मैच जीतने के बाद मुंबई की टीम बेपटरी हुई और लगातार तीन शिकस्त झेली। हार्दिक पांड्या के नेतृत्व वाली पलटन आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है। उसने 4 मैचों में एक जीत दर्ज की जबकि तीन मुकाबले गंवाए।
किसके बीच जंग
बहरहाल, मुंबई इंडियंस गुरुवार को बिना रोहित शर्मा के मैदान संभालेगी तो देखना दिलचस्प होगा कि रेयान रिकलटन के साथ पारी की शुरुआत कौन करेगा? वैसे, रोहित शर्मा की जगह भरने के लिए दो खिलाड़ियों के बीच कड़ी जंग चल रही है। नमन धीर और सूर्यकुमार यादव में से कोई एक पारी की शुरुआत करते हुए नजर आ सकता है।
भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने भी नमन धीर और सूर्यकुमार यादव को रोहित शर्मा का आदर्श रिप्लेसमेंट करार दिया। जहीर खान ने क्रिकबज पर बातचीत करते हुए कहा, ‘मुंबई के पास नमन धीर के रूप में ओपनिंग का एक विकल्प है। अगर चोट के कारण रोहित शर्मा उपलब्ध नहीं रहते हैं तो नमन पारी की शुरुआत करते हुए नजर आ सकते हैं। सूर्यकुमार यादव ने भी पहले ओपनिंग की है तो वो भी तगड़े विकल्प हैं।’
जहीर ने साथ ही कहा, ‘अगर मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा के विकल्प के रूप में विदेशी खिलाड़ी को चुनती है तो फिर एक गेंदबाज का समझौता करना पड़ेगा।’ पता हो कि रोहित शर्मा ने आईपीएल 2026 में 4 मैचों में 165.05 के स्ट्राइक रेट से 137 रन बनाए हैं। आरसीबी के खिलाफ वो 19 रन बनाकर रिटायर्ट हर्ट हुए थे।
नमन और सूर्या का परफॉर्मेंस
बता दें कि रोहित शर्मा की जगह ओपनिंग करने के दो प्रमुख दावेदार नमन धीर और सूर्यकुमार यादव का बल्ले से प्रदर्शन ज्यादा दमदार नहीं रहा है। नमन ने आईपीएल 2026 में 4 मैचों में केवल 59 रन बनाए, जबकि सूर्या ने 4 मैचों में एक अर्धशतक की मदद से 106 रन बनाए हैं। देखना दिलचस्प होगा कि हार्दिक पांड्या पंजाब के खिलाफ किस पर ओपनिंग के भरोसा जताएंगे।


