हिमाचल प्रदेश में मंडी के सरकाघाट क्षेत्र में हुई मासूम सिया की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। यह सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि कई सवालों को जन्म देने वाली घटना बन गई है। सिया के स्वजन और स्थानीय लोग इसे सामान्य हत्या मानने को तैयार नहीं हैं। उनका साफ कहना है कि जिस बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया गया, वह किसी गहरे षड्यंत्र की ओर इशारा करता है।
ठोस साजिश होगी वजह
सिया पर दराट से एक-दो नहीं, बल्कि सात वार किए गए। शरीर पर मिले घाव इस बात की गवाही देते हैं कि हमलावर का इरादा सिर्फ चोट पहुंचाना नहीं, बल्कि जान लेना था। स्वजन का कहना है कि इतनी क्रूरता अचानक गुस्से में नहीं हो सकती, इसके पीछे जरूर कोई ठोस वजह या साजिश रही होगी।
माता-पिता सदमे में
मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है। सिया की मां बार-बार बेसुध हो रही हैं, जबकि पिता जोगेंद्र गुलेरिया की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। उनका कहना है, “हमारी बच्ची के साथ जो हुआ, वह इंसानियत को शर्मसार करता है। हमें न्याय चाहिए, सच्चाई सामने आनी चाहिए।”
पुरानी रंजिश या सुनियोजित साजिश तो नहीं
स्थानीय लोगों में भी भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर इस मामले की गहराई से जांच नहीं हुई तो यह न्याय के साथ अन्याय होगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हत्या के हर पहलू की बारीकी से जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि कहीं इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या सुनियोजित साजिश तो नहीं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी। हालांकि, अभी तक स्पष्ट रूप से किसी साजिश की पुष्टि नहीं हुई है।
पूरे समाज की गहरी पीड़ा
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर इंसान इतना निर्दयी कैसे हो सकता है। सिया की मौत सिर्फ एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक गहरी पीड़ा बन गई है। अब सभी की निगाहें जांच पर टिकी हैं कि क्या यह सचमुच एक घटना थी या इसके पीछे कोई छुपी हुई कहानी है?


