सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि समाज के वंचित वर्ग जितने शिक्षित होंगे, उन्हें उतना ही उनके अधिकार मिलेंगे। सांसद ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार संविधान के बजाय ‘मन विधान’ से चल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी संगठनों का संविधान पर विश्वास नहीं रह गया है और वे अपने मनमुताबिक फैसले लेते हैं। सदर सांसद ने यह बातें मंगलवार को आंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रेस-प्रतिनिधियों से वार्ता में कही।सांसद ने महिला आरक्षण बिल को लेकरकहा कि यह 2023 में पारित हो चुका है, लेकिन समाजवादी पार्टी की मांग है कि दलित, आदिवासी, पिछड़ी और मुस्लिम महिलाओं को भी समान रूप से इसका लाभ मिले।
जनगणना के मुद्दे पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जो प्रारूप सामने आया है, उसमें पिछड़े वर्गों का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। जिससे सरकार की नीति और नियत पर सवाल खड़े होते हैं।
नोएडा में मजदूरों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मजदूरों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और उन्हें इसके लिए आंदोलन करने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए। उन्होंने सरकार से अपील की कि मजदूरों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए।


