बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर हटेंगे, स्ट्रीट लाइटों से चमकेगी सड़क; हाथरस के सादाबाद में सुंदर दिखेंगे तिराहे-चौराहे

कस्बे के प्रमुख तिराहों और चौराहों की तस्वीर अब जल्द बदलने वाली है। अतिक्रमण हटाकर सड़क चौड़ीकरण और सुंदरीकरण के बाद सादाबाद का नजारा शहरों की तर्ज पर आकर्षक दिखाई देगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने इसके लिए पूरा रोडमैप तैयार कर लिया है। मथुरा मार्ग, राया मार्ग, जलेसर मार्ग, मुरसान मार्ग और जैतई मार्ग को आधुनिक रूप देने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

कस्बे के महत्वपूर्ण विभिन्न मार्गाें की जल्द सूरत बदलने की गई तैयारी

सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि विधायक प्रदीप चौधरी के प्रयासों से सादाबाद के प्रमुख तिराहों और चौराहों के विकास की योजना को अंतिम रूप दे दिया गया है। योजना के तहत जलेसर रोड का चौड़ीकरण किया जाएगा, जहां सड़क के बीचों-बीच आ रहे 19 बिजली के खंभे और दो ट्रांसफार्मर हटाए जाएंगे। इसी प्रकार मथुरा रोड के सुंदरीकरण में नौ बिजली के खंभे, जबकि राया मार्ग पर 21 बिजली के खंभे और एक ट्रांसफार्मर बाधा बने हुए हैं।

सड़क के बीचों-बीच आ रहे 19 बिजली के खंभे, दो ट्रांसफार्मर हटेंगे

इन सभी बिजली खंभों और ट्रांसफार्मरों को हटाने के लिए विद्युत विभाग से एस्टीमेट मांगा गया है। एस्टीमेट तैयार होते ही विभाग को भुगतान कर इन्हें सड़क के बीच बनने वाले डिवाइडरों में शिफ्ट कराया जाएगा। राया मार्ग के सौंदर्यीकरण के तहत एक ओर नाला निर्माण भी कराया जाएगा, जिसे आगे करबन नदी से जोड़ा जाएगा।

वहीं जैतई मार्ग का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब जैतई चौराहे से नगर पंचायत मार्ग तक स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी, जबकि तिराहे पर हाईमास्ट लाइट स्थापित की जाएगी, जिससे रात के समय भी क्षेत्र जगमगाता नजर आएगा।

बिजली विभाग से हरी झंडी मिलते ही काम तेजी से होगा शुरू

विद्युत विभाग से हरी झंडी मिलते ही सभी तिराहों और चौराहों के सुंदरीकरण का कार्य तेजी से शुरू कर दिया जाएगा। जलेसर रोड के बीच डिवाइडर बनाए जाएंगे, जिससे जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। इसी तरह मथुरा मार्ग पर भी डिवाइडर निर्माण प्रस्तावित है। यहां कुछ इमारतें अतिक्रमण की जद में आ रही हैं, जिन्हें हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी।

कुल मिलाकर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप सार्वजनिक निर्माण विभाग की इस महत्वाकांक्षी योजना से न केवल सादाबाद की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि कस्बे की चमक और खूबसूरती में भी चार चांद लग जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *