कैथल में बेटी के न्याय के लिए पिता ने की आत्महत्या करने की कोशिश, जिला सचिवालय में पेड़ पर फंदा लगाने की कोशिश

 राजौंद के गांव रोहेड़ा माजरा में छह मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता मनजीत देवी (34) की मौत हो गई थी। इस मामले में मंजीत देवी के स्वजन ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या करने के आरोप लगाए थे।

अभी तक भी कोई गिरफ्तारी न होने के विरोध में स्वजन ने सोमवार को जिला सचिवालय में पहुंचकर प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी की और ठीक से जांच न करने के आरोप लगाए।

इसके बाद मृतका के पिता सतपाल सिंह ने बेटी को न्याय दिलाने के लिए सचिवालय में पेड़ पर पगड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि पुलिस के कर्मचारी और ग्रामीण भी साथ में पेड़ पर चढ़ गए और सतपाल सिंह को समझा कर नीचे उतारा गया।

इसके बाद एसपी ने स्वजन से मुलाकात की। अब इस मामले की जांच के लिए डीएसपी की अध्यक्षता में एसआइटी बना दी गई है। इसके साथ ही एक चार सदस्यों की अलग से टीम बनाई गई जो पूरी जांच देख सकेगी। इस मामले में जो पहले जांच अधिकारी थे उन्हें भी इस केस से बदल दिया गया।

एसपी से आश्वासन मिलने के बाद स्वजन वापस अपने गांव चले गए। प्रदर्शन में गांव कुचराना के मौजूदा सरपंच सत्यनारायण, पवन मोर, काला नंबरदार, रणधीर, सत्यवान, सुरेंद्र मौजूद थे। पिता सतपाल सिंह ने आरोप लगाए कि उसकी बेटी की हत्या की गई थी, लेकिन आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया गया।

कैथल एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि विवाहिता मनजीत देवी की मौत के मामले को लेकर राजौंद थाना में केस दर्ज किया हुआ है। स्वजन मिले थे और मामले की जांच एसआइटी कर रही है। अभी जांच पूरी नहीं हुई है। जांच के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *