अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक और परिचालक को हिरासत में लिया है।
सीमेंट के पत्थरनुमा ब्लॉकों में छिपाया
एंटी नारकोटिक्स टीम प्रभारी विश्व गौरव से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान आज सोमवार को सब इंस्पेक्टर हनीश खान के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक 12 टायर ट्रक में सीमेंट के पत्थरनुमा ब्लॉकों के पीछे बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर बिहार ले जाई जा रही है।
अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी
सूचना मिलते ही टीम ने केएमपी मार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गांव औरंगाबाद-मित्रोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान यूपी नंबर के एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में सीमेंट की बड़ी ईंटों के पीछे अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपी मिलीं।
मौके पर आबकारी विभाग को बुलाया गया, जिसके बाद संयुक्त जांच में ट्रक से विभिन्न मार्का की कुल 610 पेटियां बरामद हुईं। यह खेप सोनीपत से गोरखपुर होते हुए भेजी जा रही थी। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने ट्रक चालक राजीव सहानी, निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार), तथा उसके साथ मौजूद परिचालक को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुंडकटी थाना में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक, पलवल का संदेश
जिले में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध शराब का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध शराब तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील है कि अवैध शराब की बिक्री/तस्करी की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।


