नोएडा श्रमिक आंदोलन को लेकर DGP का खुलासा, 24 घंटे में बनें 50 से ज्यादा बॉट हैंडल; STF कर रही जांच

 उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी राजीव कृष्ण ने नोएडा में तोड़फोड़, हिंसक झड़प, आगजनी की घटना होने पर लोगों से शांति व संयम बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देश पर नोएडा पुलिस और प्रशासन के अधिकारी श्रमिक, औद्योगिक प्रबंधन व अन्य संबंधित पक्षों से बात कर समन्वय स्थापित कर रहे हैं।

प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुविधा व यातायात संचालन सुचारू करने लिए आवश्यक रूट डायवर्जन लागू किया है। जनपद के लोगों से अपील की कि कोई भी अनावश्यक काम से प्रभावित क्षेत्रों में न जाएं। वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

पुलिस का प्रयास है कि आमजन को न्यूनतम असुविधा हो और दैनिक जीवन सामान्य रहे। शासन के निर्देश है कि श्रमिकों की बात को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुना जाए।

पड़ोसी जनपदों तक है पुलिस की नजर

पुलिस का उद्देश्य किसी भी पर बल प्रयोग नहीं, बल्कि बातचीत, मध्यस्थता व शांतिपूर्ण समाधान को आगे बढ़ाना है। पुलिस कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच संवाद का सेतु बनकर काम कर रही है।

संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी, पैरामिलिट्री फोर्स, राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर तैनात हैं।

पड़ोसी जनपदों तक कानून-व्यवस्था पर कड़ी निगरानी हैं। इंटरनेट मीडिया समेत दूसरे माध्यम पर भ्रामक, असत्य व उत्तेजक सूचनाएं प्रसारित कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। इस बीच एक्स पर दो अकाउंट होल्डर के खिलाफ अफवाह फैलाने की एफआईआर दर्ज हुई है।

खास बात है कि पुलिस ने 50 से अधिक ऐसे बॉट हैंडल चिह्नित किए हैं, जिन्हें पिछले 24 घंटों में बनाकर श्रमिकों से जुड़े मुद्दे पर अफवाह फैलाई गई। सभी हैंडल्स के डिजिटल ट्रेल की विस्तृत जांच यूपी एसटीएफ कर रही है।

डीजीपी ने की वीडियो कॉफ्रेंसिंग

डीजीपी और एडीजी कानून-व्यवस्था ने शाम सात बजे पुलिस मुख्यालय से गौतमबुद्धनगर पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रमिकों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व निरंतर संवाद बनाए रखें। किसी भी स्थिति में संयम न खोएं, आगजनी, तोड़फोड़ और अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित कर विधिक कार्रवाई की जाए। प्रदेश पुलिस की प्राथमिकता हर स्थिति का समाधान शांति, संवाद व संवेदनशीलता के साथ निकाला जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *