कैलिफोर्निया के झरने में डूबने से भारतीय युवक की मौत, दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने गया था

 अमेरिका के एक झरने में डूबने से भारतीय युवक की मौत होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार युवक आंध्र प्रदेश का रहना वाला था और उसकी उम्र 26 साल थी। यह घटना शनिवार की बताई जा रही है, उस दिन वह अपना जन्मदिन मनाने के लिए अपने दोस्तों के साथ कैलिफोर्निया में मौजूद एक झरने पर गया था।

पानी के तेज बहाव में बहने से गई जान

पुलिस अधिकारियों की माने तो युवक का नाम सिंगिरेड्डी साई श्रीहरिकृष्णा है। वह अमेरिका में अपनी मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद, सेंट लुइस में एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम कर रहा था। उसके परिवार ने आगे बताया कि उसे कुछ महीने पहले ही यह नौकरी मिली थी और वह अपने करियर की शुरुआत करने को लेकर बहुत खुश था। दोस्तों ने बताया कि उसे तैरना पसंद था और वह खुशी-खुशी पानी में उतरा था। लेकिन, कुछ ही मिनटों में हालात बिगड़ गए और वह डूब गया।

उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण वे उसे बचा नहीं पाए। बाद में इमरजेंसी रेस्पॉन्डर्स मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान के बाद उसका शव बरामद किया। मृत युवक के परिवार में उसके माता-पिता, सिंगिरेड्डी श्रीनिवास राव और रमादेवी हैं। वहीं, घटना के बाद उसके शव को भारत वापस लाने की कार्यवाही की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *