राजधानी भोपाल में नकली नोटों का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां श्यामला हिल्स क्षेत्र स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की कैश डिपॉजिट मशीन (CDM) ने फर्जीवाड़े का पर्दाफाश कर दिया। मशीन में पैसे जमा करते वक्त 500 रुपये के कई नोट अटक गए, जिसके बाद जांच में बड़ा खुलासा हुआ।
घटना चार अप्रैल की सुबह की बताई जा रही है, जब अब्दुल माहिर नामक व्यक्ति ने करीब 29 हजार रुपये जमा करने के लिए CDM का इस्तेमाल किया। जमा प्रक्रिया के दौरान 500 रुपये के 25 नोट मशीन ने स्वीकार नहीं किए और अंदर ही फंस गए। इस पर ग्राहक ने बैंक प्रबंधन से शिकायत की।
बैंक द्वारा कराई गई तकनीकी जांच में सामने आया कि मशीन में फंसे सभी 25 नोट नकली थे। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में जाली नोट मिलने से बैंक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक मैनेजर सौरभ शर्मा ने श्यामला हिल्स थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने संदेही अब्दुल माहिर को पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन वह थाने नहीं पहुंचा। इसके बाद जब पुलिस टीम उसके घर पहुंची तो वह वहां से भी फरार मिला। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
थाना प्रभारी भूपेंद्र कौर संधू के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद यह पता लगाया जाएगा कि नकली नोट कहां से आए और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो नहीं है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।


