दहेज के लिए ससुरालवालों ने छत से फेंका नीचे, गिरने से महिला का पैर और दांत टूटे; पति दे रहा तलाक की धमकी

दहेज में एक लाख की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजन ने विवाहिता को छत से नीचे फेंक दिया। पीड़िता का एक पैर और दांत टूट गए। सऊदी में रह रहा पति तीन तलाक की धमकी दे रहा है। ट्रामा सेंटर लखनऊ में भर्ती पीड़िता को छोड़कर ससुरालीजन भाग गए। इन हालात में भी स्थानीय पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई, जिसके बाद मुकदमा दर्ज हो पाया।

फतेहपुर के शेखपुर अलीपुर निवासी मोहम्मद असलम की पुत्री जेबा परवीन का निकाह 25 मार्च 2022 को कोतवाली नगर के गदिया निवासी आलम से हुआ था। वह 21 नंबवर 2024 को विदा होकर ससुराली गई थी जिसके करीब छह माह बाद पति आलम सऊदी अरब चला गया। ससुरालीजन कम दहेज का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे। वह एक लाख रुपये कर रहे थे।

फोन पर तीन तलाक की धमकी

वहीं, फोन पर बात करने के दौरान पति तीन तलाक की धमकी देता रहता था। ससुरालीजन पति को भड़काते थे कि वह घर का काम काज नहीं करती है। 30 मार्च 2026 की दोपहर जेबा अपने कमरे में लेटी थी, तभी सास व ननद कमरे में आकर काम करने को लेकर गाली देने लगे।

विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीड़िता ने कमरा अन्दर से बंद कर लिया तो, सास जुलेखा, ससुर मोहम्मद अहमद, ननद रूबी, देवर सुहेल सहित आफाक इकबाल कमरे का दरवाजा तोड़कर उसको मारा पीटा और हत्या की नियत से छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उनका एक पैर और दांत टूट गए। जिला अस्पताल से हालत गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया, जहां इलाज चल रहा था।

पीड़िता के मायके पक्ष के लोग जब ट्रामा सेंटर पहुंचे तो ससुरालीजन वहां से भाग गए। पीड़िता का आरोप है कि मामले में पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार सात अप्रैल को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। नगर कोतवाल ने बताया कि आरोपितों की तलाश चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *