धान खरीदारी लक्ष्य वितरण में अनियमितता के आरोप में पहले से कार्रवाई झेल रहे पूर्व जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की मुश्किलें अब और बढ़ती नजर आ रही हैं। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू), बिहार पटना की टीम ने गुरुवार को लगातार दूसरे दिन उनके पूरे कार्यकाल से जुड़ी फाइलों की गहन जांच की।
ईओयू की पांच सदस्यीय टीम पिछले दो दिनों से जिला समाहरणालय स्थित विभिन्न कार्यालयों में पहुंचकर फाइलों, टेंडर प्रक्रिया, भुगतान और प्रशासनिक निर्णयों से जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रही थी। जांच का दायरा काफी व्यापक रहा, जिसमें शस्त्र लाइसेंस निर्गत करने से लेकर बाढ़ आपदा के दौरान किए गए टेंडर, विभिन्न विभागों में हुए भुगतान और सांस्कृतिक आयोजनों पर खर्च तक शामिल है।
टीम में शामिल अधिकारी गुरुवार को सुबह करीब 10 बजे टीम दोबारा समाहरणालय पहुंचे और जिला नजारत पदाधिकारी (एनडीसी) प्राची कुमारी के कार्यालय में बैठकर विस्तृत पूछताछ की। टीम ने एनडीसी से कई अहम बिंदुओं पर जानकारी ली। इसके बाद डीएम के ओएसडी सह शस्त्र एवं आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शशि कुमार से भी पूछताछ की गई।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

