गोरखपुर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन: 6.54 लाख नाम कटे, यहां चेक करें अपना नाम

विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआइआर की पांच माह से अधिक समय से चल रही प्रक्रिया शुक्रवार को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के साथ पूरी हो जाएगी। इस दौरान करीब 6.54 लाख मतदाताओं के नाम कटे हैं तो वहीं 2.26 लाख नए मतदाता जुड़े हैं। इस तरह जिले की मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 32.46 लाख हो गई है।

अंतिम मतदाता सूची आमजन के निरीक्षण के लिए संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालयों एवं सभी मतदेय स्थलों पर उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही मतदाता सूची जनपद की आधिकारिक वेबसाइट gorakhpur.nic.in पर भी देखी जा सकती है।

एसआइआर अभियान के तहत पहले चरण के बाद छह जनवरी को प्रकाशित हुई अनंतिम मतदाता सूची के अनुसार एएसडी(अबसेंट, शिफ्टेड व डेथ) श्रेणी के 17.61 प्रतिशत यानी 6 लाख 45 हजार 634 वोटरों के नाम कटे थे। इसके बाद मतदाता सूची में वोटरों की संख्या 36 लाख 66 हजार, 533 से घटकर 30 लाख 20 हजार 908 हो गई।
इसी तरह जिन मतदाताओं की मैपिंग वर्ष 2003 की मतदाता सूची से नहीं हो सकी थी, ऐसे 2.83 लाख मतदाता चिह्नित किए गए थे। दूसरे चरण में इन मतदाताओं की सुनवाई के साथ ही छूटे हुए मतदाताओं को वोटर बनने का मौका दिया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम (वित्त एवं राजस्व) के अनुसार बिना मैपिंग वाले मतदाताओं की सुनवाई और लाजिकल डिस्क्रिप्शन वाले मतदाताओं के सत्यापन के दौरान करीब 8,500 और मतदाताओं के नाम कटे हैं।

इसी तरह करीब 2.26 लाख नए वोटर बने हैं।उन्होंने बताया कि जिले की सभी नौ विधानसभाओं में अब कुल वोटरों की वास्तविक संख्या की अंतिम घोषणा शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से की जाएगी।

368 नए बूथ बने
एसआइआर अभियान के दौरान 368 नए बूथ भी बनाए गए हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के जिन भी बूथों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक थी, उनका संभाजन कर नए बूथ बनाए गए हैं। जिले में पहले 3679 बूथ थे, जिनकी संख्या बढ़कर अब 4047 हो गई है। कैंपियरगंज में 45, पिपराइच में 41, शहर में 40, ग्रामीण 36, सहजनवां में 30, खजनी में 48, चौरीचौरा में 39, बांसगांव में 39 और चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में 50 नए बूथ बनाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *