महनार थाना क्षेत्र अंतर्गत बहलोलपुर दियारा में भैंस चराने को लेकर दो पक्षों के बीच गोलीबारी हुई। मौके पर अफरातफरी मच गई। गोलीबारी की सूचना स्थानीय थाना एवं डायल 112 की पुलिस को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली, समस्तीपुर एवं पटना की पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी लेने के पश्चात आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बहलोलपुर दियारा में भैंस चराने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, धीरे-धीरे विवाद बड़ा और दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। मौके पर पुलिस पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
बता दें कि बहलोलपुर दियारा क्षेत्र तीन जिला और चार थाना क्षेत्र में आता है। मौके पर महनार, जुड़ावनपुर, पटोरी थाना एवं पटना की पुलिस टीम पहुंची है। थाना अध्यक्ष के अनुसार घटना स्थल जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में पड़ता है। महनार थाना स्थल से तीन सौ मीटर दूर है।
मौके पर पुलिस मौजूद, सीमा की जाएगी निर्धारित
जिस किसान की जमीन को लेकर विवाद है वह किसान महनार थाना क्षेत्र का निवासी है। फिलहाल मौके पर पुलिस मौजूद है। सीमा निर्धारित होने पर आगे की करवाई होगी।
गोलीबारी की घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव है। यह इलाका हमेशा से बदमाशों के लिए एक सेफ जोन रहा है। इसी इलाके में कुछ वर्ष पूर्व हुई मुठभेड़ में सोना लूट कांड का आरोपित मनीष कुमार मारा गया था।


