बंगाल विधानसभा चुनाव के ठीक 13 दिन पहले शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने चुनावी वादों का पिटारा खोल दिया। गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इस घोषणापत्र को पार्टी ने भरोसा पत्र नाम दिया गया है। इसमें महिलाओं से लेकर युवाओं तक, प्रमुख वोटर वर्ग के लिए नकदी के वादे किए गए हैं।
यह संकल्प पत्र भरोसे का है : अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह संकल्प पत्र भरोसे का है। यह सोनार बांग्ला के निर्माण का भरोसा है। उन्होंने कहा कि इस भरोसे के आधार पर रचनात्मक रूप से चुनाव में जाना चाहते हैं। अमित शाह ने कहा कि मुझे भरोसा है कि बंगाल की जनता हमें पांच साल के लिए सरकार बनाने का मौका जरूर देगी।
कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह संकल्प पत्र बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को एक नया मार्ग दिखाएगा। उन्होंने आगे कहा कि टीएमसी से त्रस्त बंगाल अब परिवर्तन चाहता है। लेफ्ट से परेशान जनता ने ममता दीदी को मैंडेट दिया। उन्होंने तीसरा मैंडेट भी प्राप्त किया, लेकिन जिन आशाओं के साथ जनता ने ममता बनर्जी को जनादेश दिया था, सरकार उन पर खरी नहीं उतरी है।


