अगर आप गाड़ी में पेट्रोल-डीजल (Petrol-Diesel) भरवाने जा रहे हैं तो प्राइस के साथ-साथ फ्यूल लिमिट (Fuel Limit) के बारे में भी जान लें। दरअसल, एक भारतीय तेल कंपनी ने ईंधन की खरीदी पर लिमिट लागू कर दी है। ऐसे में कोई भी व्यक्ति एक बार में 1000 रुपये से ज्यादा का तेल नहीं खरीद पाएगा। दरअसल, ईरान युद्ध के कारण आपूर्ति बाधित होने और अस्थायी युद्धविराम के बावजूद स्थिति नियंत्रण में रहने के मद्देनजर, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Reliance Industries) ने अपने सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की खरीद सीमित कर दी है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले से परिचित सूत्रों ने बताया कि देश की सबसे बड़ी प्राइवेट सेक्टर की ऑयल रिफाइनरी कंपनी ने अपने साझेदार बीपी पीएलसी के साथ संचालित ईंधन स्टेशनों पर प्रति व्यक्ति ईंधन की खरीद को ₹1,000 तक सीमित कर दिया है। कंपनी के देशभर में 2,000 से अधिक पेट्रोल पंप हैं।
हालांकि कंपनी ने इस बारे में कोई औपचारिक निर्देश जारी नहीं किया है, लेकिन जियो-बीपी पेट्रोल पंपों के संचालकों ने घबराहट में खरीदारी को रोकने और मांग में अचानक वृद्धि के कारण अपने स्टेशनों को खाली होने से बचाने के लिए सीमा लागू करना शुरू कर दिया है। सूत्रों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि यह सार्वजनिक नहीं है।


