बंगाल के बारुईपुर में 11 साल की बच्ची के साथ बर्बर रेप और हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

1408 Shares

बंगाल के बारुईपुर रेप और मर्डर केस के आरोपी प्रभास मंडल पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो गया है। बंगाल पुलिस ने सोमवार को इस आरोपी को गिरफ्तार किया था।

बारुईपुर एसपी के मुताबिक, बारुईपुर रेप और मर्डर केस के आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। क्राइम सीन को फिर से बनाने के दौरान, उसने पुलिस से हथियार छीनने और उन पर गोली चलाने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो प्रभास को लगी, अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

सीएम शुभेंदु ने क्या कहा था?

मंगलवार को पश्चिम बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि बारुईपुर में लड़की के कथित रेप और हत्या के बाद सरकार और पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दिखी घटना की हैवानियत

11 वर्षीय नाबालिग की हत्या के मामले में प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने घटना की हैवानियत की पुष्टि की। रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता के शरीर पर गंभीर चोटों, यौन उत्पीड़न और शारीरिक यातनाओं के स्पष्ट संकेत मिले हैं।

प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था। इसके बाद उसे बोरी में भरकर तालाब में फेंक दिया गया। रिपोर्ट में उल्लेख है कि तालाब में फेंके जाने के समय वह जीवित थी। सिर पर गहरे घाव, शरीर पर खरोंच और काटने के निशान मिले हैं। गुप्तांगों पर भी गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पानी शरीर के भीतर जाने से फेफड़ों और पेट में सूजन आ गई थी और मृत्यु डूबने से हुई।

कहां की है घटना?

घटना बारुईपुर थाना क्षेत्र के धपधपी-2 पंचायत के सूर्यपुर हाट की है। पीड़िता शनिवार शाम घर से खाने का सामान खरीदने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। रविवार सुबह घर के पास एक तालाब से उसका शव बरामद हुआ। उसी रात सीसीटीवी फुटेज में चार लोग नाबालिग को अपने साथ ले जाते दिखाई दिए। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *