संतकबीरनगर में बांध काटा, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की ओर बढ़ रही सरयू की धारा

लिंक एक्सप्रेसवे को बचाने के लिए संतकबीरनगर के कम्हरिया घाट के पास सरयू नदी की धारा मोड़ने के लिए बनाए गए बांध को काट दिया गया है। इससे सरयू नदी की धारा लिंक एक्सप्रेसवे की तरफ बढ़ने लगी है।

जानकारी मिलने पर सेतु निगम के अधिकारियों ने संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। धारा मोड़ने में करोड़ों रुपये खर्च हुए हैं।

सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक एके सिंह ने तहरीर में लिखा है कि गोरखपुर व संतकबीरनगर को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण कराया गया है। लिंक एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 43 980 के सरयू नदी पर पुल का निर्माण किया गया है।

यह पुल नदी की धारा में परिवर्तन के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद क्षतिग्रस्त तटबंध को ठीक करते हुए नदी की परिवर्तित धारा को मुख्य धारा में वापस करने का कार्य किया गया। नदी की धारा मोड़ने के लिए नदी में 20 गुणे तीन मीटर का जियो ट्यूब विभिन्न परतों में लगाया गया।

इससे धारा मुड़ गई। चार अप्रैल की सुबह कर्मचारियों ने सूचना दी कि अराजक तत्वों द्वारा ग्राम जगदीशपुर के सामने सरयू नदी में धारा मोड़ने के लिए बनाए गए कृत्रिम बांध को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। इस कारण नदी की मुख्य धारा लिंक एक्सप्रेसवेके तटबंध की तरफ मुड़ गई है।

इससे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे को नुकसान होने की प्रबल संभावना है। लिखा है कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही कार्य की सुरक्षा के उचित प्रबंध करें। ताकि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना को नुकसान न हो सके और एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *