सहरसा–मानसी रेलखंड पर संकट : सिमरीबख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर टिकट सेवा ठप, बिजली भी चली गई

पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा–मानसी रेलखंड पर स्थित सिमरीबख्तियारपुर स्टेशन पर बुधवार की सुबह अचानक विद्युत आपूर्ति ठप हो जाने से टिकट सेवा पूरी तरह बाधित हो गई।

सुबह करीब 6:15 बजे से आई इस तकनीकी खराबी के कारण टिकट काउंटर से कोई टिकट निर्गत नहीं हो सका। इसके चलते स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

कई हुए बिना टिकट यात्रा करने को मजबूर

सुबह की ट्रेनों से सफर करने के लिए स्टेशन पहुंचे यात्रियों की लंबी कतार लग गई। लेकिन काफी देर तक इंतजार के बावजूद टिकट न मिलने से कई यात्री मजबूरी में बिना टिकट ही यात्रा करने को विवश हो गए।

यात्रियों की लंबी कतार

यात्रियों ने बताया कि वे समय से पहले स्टेशन पहुंचे और लाइन में खड़े थे, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण उन्हें टिकट नहीं मिल सका। स्थिति को देखते हुए टिकट काउंटर पर अस्थायी रूप से सेवा ठप रहने का नोटिस चस्पा कर दिया गया।

रेल प्रशासन ने की तकनीकी टीम रवाना

पूरे मामले की सूचना समस्तीपुर रेल मंडल को दे दी गई। रेल प्रशासन के अनुसार, तकनीकी टीम को सिमरीबख्तियारपुर स्टेशन के लिए तुरंत रवाना किया गया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर टिकट सेवा शुरू कर दी जाएगी।

राज्यरानी सहित अन्य ट्रेनों के यात्रियों को भी हुई परेशानी

इस दौरान राज्यरानी एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी खासा परेशानी झेलनी पड़ी। कई यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से शीघ्र समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि टिकट सेवा जल्द बहाल हो सके और यात्रियों को राहत मिल सके।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि तकनीकी खराबी का कारण पता लगाया जा रहा है और इसके दोबारा होने से रोकने के उपाय किए जाएंगे। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे धैर्य बनाए रखें और टिकट सेवा शुरू होने तक वैकल्पिक उपाय अपनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *