जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 13 व्यक्तियों को 100 ग्राम अफीम, 112.75 ग्राम हेरोइन व 250 नशीले कैप्सूल समेत गिरफ्तार किया है। थाना थर्मल पुलिस ने मलोट रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास से 3.50 ग्राम हेरोइन समेत टिंकू उर्फ बब्बू निवासी जनता नगर को गिरफ्तार किया।
थाना कैंट पुलिस ने केंद्रीय जेल की पार्किंग से सागर सिंह निवासी कोठे बाबा लखा सिंह, भुच्चो मंडी को 68.25 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। वहीं सीआईए स्टाफ-2 ने बीड़ तालाब क्षेत्र से जोती नामक महिला को 30 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया है।
थाना नथाना पुलिस ने गांव गंगा के बस अड्डे के पास हरमेल सिंह निवासी कल्याण सुख्खा को 90 प्रतिबंधित कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया। थाना भगता भाईका पुलिस ने गांव दयालपुरा से तरसेम सिंह निवासी जलाल को 100 ग्राम अफीम सहित काबू किया, जबकि इसी थाने की टीम ने गांव हमीरगढ़ से जसविंदर सिंह को 100 नशीले कैप्सूलों के साथ गिरफ्तार किया।
थाना फूल पुलिस ने गांव हरनाम सिंह वाला के पास गुरप्रेम सिंह निवासी ढिपाली और गुरप्रीत सिंह निवासी बुर्ज गिल को 50 नशीली गोलियों सहित पकड़ा। थाना सिटी रामपुरा पुलिस ने स्टैल्को फैक्ट्री के पास नायब सिंह और गुरदित्त सिंह निवासी लहरा धूरकोट को 4 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया।
इसी तरह थाना सदर रामपुरा पुलिस ने गांव गिल कलां से गोशा सिंह को 3 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया, जबकि थाना रामा मंडी पुलिस ने गांव बाघा से सिकंदर सिंह निवासी सुखलद्दी को 60 कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया।
थाना संगत पुलिस ने डबवाली रोड पर संगत कैंचियां के पास एकमदीप सिंह निवासी बंगी रुघू को 4 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया। वहीं थाना बालियांवाली पुलिस ने हरकृष्णपुरा निवासी बलवंत सिंह को डेढ़ किलो भुक्की के साथ गिरफ्तार किया है।


