‘यह भारत में नहीं, पाकिस्तान में हैं’; महंगे पेट्रोल के राहुल गांधी के बयान का अमित शाह ने उड़ाया मजाक

 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि के दावों का मजाक उड़ाया, यह कहते हुए कि यह सच है, लेकिन पड़ोसी पाकिस्तान में।

शाह ने कहा कि इसके विपरीत देश में कीमतें स्थिर हैं और पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है। भाजपा नेता अमित शाह ने सोमवार को एक चुनावी रैली में कहा कि जबकि राजग एक तरफ पुडुचेरी के विकास के लिए तत्पर है, दूसरी तरफ कांग्रेस नेता हैं, ”जो सोचते हैं कि पाकिस्तान के पेट्रोल के दाम भारत के हैं।”

‘भारत में नहीं पाकिस्तान में बढ़ी हैं कीमतें’

शाह ने कहा कि राहुल गांधी ने हाल ही में कहा था कि ”खाड़ी युद्ध के कारण भारत में पेट्रोल की कीमतें बढ़ गई हैं।” शाह ने चुटकी लेते हुए कहा,”वह सही हैं। पेट्रोल की कीमत 458 रुपये है, जबकि डीजल 520 रुपये तक पहुंच गया है। लेकिन राहुल बाबा, यह भारत में नहीं, बल्कि पाकिस्तान में हुआ है।”

मन्नादिपेट निर्वाचन क्षेत्र में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने ईंधन की कमी, घर से काम करने के आदेश और ”बढ़ती कीमतों” के अंतरराष्ट्रीय रुझानों को पीछे छोड़ दिया है और केंद्र सरकार ने पश्चिम एशिया के संघर्ष के बीच पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित की, जबकि दरें अपरिवर्तित हैं।

विपक्षी गठबंधन पर कसा तंज

आईएनडीआईए पर तंज कसते हुए शाह ने कहा कि भाकपा, माकपा पहले ही गठबंधन छोड़ चुके हैं, जबकि द्रमुक और कांग्रेस चुनावों में पांच सीटों पर एक-दूसरे से लड़ रहे हैं। दूसरी ओर, राजग एकजुट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *