मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मिरिया रेहड़ा गांव में 10 करोड़ रुपये की लागत से बने 80 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले दुग्ध प्लांट व अवशीतन केंद्र का शुभारंभ किया।
इस दौरान कहा कि जिन दलों को जनता ने बार-बार मौका दिया, उन्होंने आजमगढ़ को उपेक्षित रखा, जबकि डबल इंजन की सरकार ने जिले को विकास के साथ सम्मान भी दिलाया। पहले आजमगढ़ के नाम को लेकर लोगों की धारणा नकारात्मक थी। अब यही जिला विकास की नई पहचान बन रहा है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा कि उनका विकास सैफई और परिवार तक सीमित रहा, जबकि वर्तमान सरकार ने बिना भेदभाव पूरे प्रदेश में कार्य किया है। सपा, कांग्रेस और बसपा के एजेंडे में विकास कभी रहा ही नहीं, अन्यथा ऐसी परियोजनाएं पहले ही पूरी हो जातीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने पूर्वांचल को एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट और विभिन्न योजनाओं से जोड़ा है। 56 हजार महिलाओं से जुड़ी दुग्ध उत्पादक कंपनी का उल्लेख करते मुख्यमंत्री ने इसे आत्मनिर्भर भारत का सफल माडल बताया। भाजपा के स्थापना दिवस का जिक्र करते कहा कि पार्टी देश प्रथम के सिद्धांत पर कार्य करती है।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण को ऐतिहासिक बताते कहा कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे का नारा अब हकीकत बन चुका है।
आरोप लगाया कि इस मार्ग में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस बाधक बनीं और राम भक्तों पर गोली चलवाने तक की घटनाएं हुईं। आगे कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी का एक देश, एक विधान, एक निशान का संकल्प भी आज पूरा हुआ है। कश्मीर से धारा 370 हटाकर पूरे देश में एक समान संविधान लागू किया गया, जिससे आतंकवाद पर निर्णायक प्रहार हुआ।
महिला आत्मनिर्भर होती है तो परिवार, समाज और राष्ट्र तीनों होते हैं मजबूत
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण पर जोर देते कहा कि जब महिला आत्मनिर्भर होती है तो परिवार, समाज और राष्ट्र तीनों मजबूत होते हैं। उन्होंने इसे सहकारिता आधारित विकास माडल बताते हुए कहा कि यही नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की वास्तविक तस्वीर है।
विकास कार्यों का उल्लेख करते कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे ने आजमगढ़ की कनेक्टिविटी पूरी तरह बदल दी है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय, आवासीय योजनाएं और एयरपोर्ट जैसे प्रोजेक्ट्स जिले को नई दिशा दे रहे हैं। इसके पूर्व उन्होंने तीन लखपति दीदी और तीन बायोगैस लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और मोबाइल वेटनरी यूनिट वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


