हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के गांव अंटेहड़ी में 22 वर्षीय अमनपाल ने अपने घर के चोबारे में पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसकी दोनों बहनें घर पर मौजूद थीं, जबकि माता-पिता खेत में घास लेने गए हुए थे।
बताया जा रहा है कि अमनपाल पिछले कुछ समय से परेशान चल रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूचना मिलते ही थाना बाबैन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक के बचपन के दोस्त अभिषेक ने बताया कि सुबह अचानक पड़ोसी राजकुमार के घर से रोने की आवाजें आईं। जब वह मौके पर पहुंचा तो अमनपाल पंखे से लटका हुआ मिला। बहनें शिवानी और उमा रो रही थीं। अभिषेक ने उनकी मदद से अमनपाल को नीचे उतारा और तुरंत उसके माता-पिता को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद वे घर लौट आए।
गांव के लोगों के अनुसार अमनपाल कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान दिखाई दे रहा था। हालांकि, किसी तरह की साजिश या दबाव की बात सामने नहीं आई है। पुलिस इस मामले में हर पहलू की जांच कर रही है।


