हिमाचल प्रदेश में अप्रैल में बर्फबारी और बारिश के कारण मौसम ठंडा हो गया। लोगों को स्वेटर निकालने पड़ गए। मनाली और लाहुल के पर्यटन स्थलों पर ताजा बर्फ गिर रही है। अप्रैल की शुरुआत में लाहुल स्पीति सहित मनाली के पर्यटन स्थलों में असामयिक बर्फबारी और मौसम के मिजाज में बदलाव के कारण हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
मनाली के पास फ्रेश स्नोफाल
वहीं, मनाली शहर से 15 किलोमीटर दूर बर्फबारी का क्रम जारी है। इस कारण मनाली घूमने पहुंचे पर्यटक आसानी से फ्रेश स्नोफाल का लुत्फ लेने पहुंच जा रहे हैं।
प्रशासन का अलर्ट
अटल टनल और आसपास के ऊंचे इलाकों में लगातार हिमपात का क्रम जारी है। तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण लाहुल स्पीति प्रशासन ने अलर्ट भी जारी किया है। अटल टनल के पास हिमस्खलन हो सकता है।
केलंग में तीन इंच ताजा हिमपात
जिला मुख्यालय केलंग में अब तक तीन इंच हिमपात हो चुका है जबकि कोकसर, सिस्सु, दारचा, योचे, छीका, रारिक, नैन गाहर व मयाड़ घटाई के ऊंचाई वाले गांव में चार इंच से अधिक हिमपात हुआ है।
प्रशासन ने आगाह किए लोग
लाहुल स्पीति प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को ऊंचे और जोखिम वाले इलाकों में न जाने की सलाह दी है। प्रशासन की माने तो लगातार जारी हिमपात से मनाली केलंग मार्ग पर हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है।


