आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत खराब हुई। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम ने 19वें सीजन में अब तक जीत का स्वाद नहीं चखा है। उन्होंने अपने पहले दोनों मैच में शिकस्त झेलनी पड़ी है। पहले राजस्थान रॉयल्स और शुक्रवार को होम ग्राउंड पर पंजाब किंग्स को हाथों 5 बार की चैंपियन टीम को हार मिली।
खतरा महसूस हो सकता
क्रिकबज पर बातचीत में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन और न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज साइमन डूल ने सुझाव दिया कि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को संजू सैमसन से “खतरा” महसूस हो सकता है। संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रहे हैं।
संजू ने 2021 से 2025 के तक राजस्थान की कमान संभाली। आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई ने उन्हें आरआर से ट्रेड किया था। वॉन ने डूल से पूछा, “क्या आपको लगता है कि ऋतुराज गायकवाड़ को संजू सैमसन से खतरा महसूस हो रहा है?” इस पर डूल ने कहा “बिल्कुल।”
अच्छे कप्तान और विकेटकीपर
वॉन ने कहा, “यह एक और तरह की स्थिति है जिस पर आपको ध्यान देना होगा। लीग के सबसे युवा कप्तानों में से एक गायकवाड़ ने अब तक कुछ मैच में कप्तानी की है। आप सोचते हैं, ‘ठीक है, हम तुम्हारा साथ देंगे, तुम कप्तान हो। हम संजू को साइन कर रहे हैं, जो एक बहुत अच्छा कप्तान और विकेटकीपर है। अंदाजा लगाइए? हमारे पास एक ऐसा विकेटकीपर रहा है जो लंबे समय तक कप्तान रहा और उसने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। हम उसकी जगह किसी और को लाने की कोशिश करेंगे। आप कप्तानी करते रहिए और उम्मीद कीजिए कि इसका आप पर कोई असर न पड़े।”
खामोश है संजू का बल्ला
यलो जर्सी में संजू नीली जर्सी वाले प्रदर्शन को बरकरार नहीं रख पाए हैं। टी20 विश्व कप 2026 में अहम पारियां खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज का पहले 2 मुकाबलों में बल्ला खामोश रहा है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ संजू ने 7 गेंदों पर 6 रन बनाए थे। वहीं पंजाब किंग्स के विरुद्ध उन्होंने 7 गेंदों पर 7 रन की पारी खेली। डूल का मानना है कि सैमसन को यलो जर्सी में अपनी जगह बनाने के लिए टी20 विश्व कप में दिखाए गए आत्मविश्वास को फिर से हासिल करने की जरूरत है।
वह केरल का प्लेयर है
डूल ने कहा, “उसके लिए यह एक कठिन चुनौती है। यह उन परिस्थितियों में से एक है जिनमें आप तब फंस जाते हैं। जब आप बेताब नहीं होते, जब आप किसी खास टीम के लिए खेलना चाहते हैं और अपना जलवा दिखाना चाहते हैं। आखिर वह साउथ का प्लेयर है, वह केरल का लड़का है। वह अपना जलवा दिखाना चाहता है। मुझे लगता है कि वह वहां ज्यादा सहज महसूस करता है। ट्रेड में चेन्नई ने एक प्लेयर के बदले अपने दो प्लेयर खो दिए। इसलिए दबाव बहुत ज्यादा है। उसे कुछ हफ्ते पहले के बारे में सोचना होगा, टी20 विश्व कप 2026 के पिछले 3 मैचों में उसका प्रदर्शन कैसा था।”


