जिले में प्रेम संबंध में धोखा देने का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां तीन वर्षों तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद युवक ने शादी से इनकार कर दिया।
पीड़ित युवती ने नगर थाने में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
शादी में हुई थी मुलाकात
जानकारी के अनुसार, कुचायकोट थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती की मुलाकात करीब तीन वर्ष पूर्व मांझागढ़ क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान एक युवक से हुई थी। दोस्ती के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और धीरे-धीरे यह संबंध प्रेम में बदल गया।
युवती के अनुसार, वह शहर के स्टेशन रोड स्थित एक किराए के मकान में रहकर पढ़ाई के साथ एक निजी संस्था में काम करती है। इसी दौरान युवक का उसके यहां आना-जाना बढ़ा और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
युवती ने आरोप लगाया है कि शादी का झांसा देकर युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने शादी का दबाव बनाया, तो युवक ने घर के मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भर दिया, लेकिन बाद में उसे अपनाने से इनकार कर दिया।
दो बार करा दिया गर्भपात
पीड़िता का यह भी आरोप है कि इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई, जिसे आरोपी ने दवाइयां देकर समाप्त करा दिया। जब युवती ने शारीरिक संबंध बनाने से मना किया, तो युवक ने उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
साथ ही 24 मार्च को उसके साथ जबरन संबंध बनाकर मारपीट की और शादी से साफ इनकार कर दिया। इस मामले में नगर थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


