पीलीभीत टाइगर रिजर्व में रविवार को पर्यटन पूरी तरह फुल रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों के बीच उस समय रोमांच और बढ़ गया, जब माधोटांडा-खटीमा मार्ग पर एक साथ दो बाघ टहलते हुए नजर आए। बाघों को सड़क पर घूमते देख पर्यटकों के साथ-साथ राहगीरों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में उमड़ी पर्यटकों की भीड़
सुबह की जंगल सफारी के दौरान जैसे ही दोनों बाघ सड़क पर दिखाई दिए, वाहनों की रफ्तार थम गई। लोग अपनी-अपनी गाड़ियों में रुककर इस अद्भुत नजारे को कैमरों में कैद करने लगे। कुछ देर तक बाघ सड़क किनारे टहलते रहे, जिसके बाद वे जंगल की ओर लौट गए। बाघों के जंगल में जाने के बाद ही यातायात सामान्य हो सका।
भारी भीड़ टाइगर रिजर्व में पहुंची
रविवार होने के चलते टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। चूका बीच और सप्त सरोवर सहित सभी प्रमुख पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार रहे। सफारी के लिए लंबी कतारें लगी रहीं, लेकिन अधिक भीड़ के कारण बाद में पहुंचे कई पर्यटकों को निराश होकर लौटना पड़ा।
सड़क पर बाघ देखकर रोमांच से भरे राहगीर
इन दिनों टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की आमद लगातार बढ़ रही है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां चरम पर हैं। वहीं, सड़क पर बाघों के दिखने से लोगों को बिना सफारी के ही वन्यजीवों के दीदार का मौका मिल गया। मुफ्त पर्यटन स्थलों पर भी खूब भीड़-भाड़ रही।


