हरियाणा में एक अप्रैल से जमीन और महंगी होने जा रही है। प्रदेश में कलेक्टर रेट (उपायुक्तों द्वारा जमीन का निर्धारित न्यूनतम मूल्य) में करीब 75 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। कलेक्टर रेट में सर्वाधिक वृद्धि गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला, सोनीपत, झज्जर और हिसार में होगी। आमजन नए कलेक्टर रेट को लेकर आपत्तियां और सुझाव सोमवार शाम तक तहसील कार्यालय और जिला मुख्यालयों में दर्ज करा सकते हैं। बुधवार से नया कलेक्टर रेट लागू होगा, जिससे जमीन की रजिस्ट्री के लिए अधिक स्टांप शुल्क चुकाना पड़ेगा।
सभी जिलों में कलेक्टर रेट की प्रस्तावित दरें वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई हैं। गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेस-वे से सटे बजघेड़ा गांव में कलेक्टर रेट में 75 प्रतिशत की बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। यहां कृषि भूमि का नया रेट सात करोड़ 53 लाख 25 हजार रुपये प्रति एकड़ होगा। फिलहाल यहां चार करोड़ 30 लाख 30 हजार रुपये एकड़ के हिसाब से रजिस्ट्रियां हो रही हैं।
हिदायतपुर में रेजिडेंशियल जमीन का कलेक्टर रेट 27 हजार 500 रुपये प्रति गज से बढ़ाकर 48 हजार 125 रुपये गज करने का प्रस्ताव है। सराय अलावर्दी, शाहपुर और सुखराली में भी रेजिडेंशियल जमीन के रेट में 75 प्रतिशत की बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। गोपाल नगर, अशोक विहार, सदर बाजार से भूतेश्वर मंदिर तक के इलाकों में दुकानों और आफिस के लिए कामर्शियल रेट में भी 75 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित है।
पंचकूला के छह सेक्टरों 19,27, 28,31 और एडीसी सेक्टर 4, 5,6 में आवासीय भूमि के रेट में 75 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इसके अलावा एससीएफ सेक्टर 4, 6,10,12,15,16 में व्यावसायिक भूमि के रेट भी 75 प्रतिशत बढ़ाए गए हैं। सेक्टर 23, 24, 25,26 में भी आवासीय भूमि खरीदना महंगा होगा। यहां रेट में 45 प्रतिशत की बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है, जबकि सेक्टर 7,8,9 में व्यावसायिक दरों में 60 प्रतिशत का इजाफा रखा गया है। रेवाड़ी में सेक्टर चार में आवसीय प्लाट के रेट में करीब चार हजार रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। काठ मंडी, कटला बाजार, माडल टाउन, गोकल गेट, नई बस्ती क्षेत्र को छोड़कर अधिकतर आवासीय और कामर्शियल क्षेत्र के रेटों में बदलाव किया गया है।
ग्रेटर फरीदाबाद के नीमका और फरीदपुर जैसे इलाकों में रिहायशी जमीन के रेट 18 हजार रुपये से बढ़कर 31 हजार 500 रुपए प्रति वर्ग गज हो जाएंगे। वहीं सेक्टर-14 और सेक्टर-21ए में बड़े प्लाट की कीमतों में लगभग 60 फीसदी तक इजाफा हो सकता है। सेक्टर-14 में कलेक्टर रेट 58 हजार से बढ़कर 92 हजार 800 रुपये प्रति वर्ग गज तक पहुंचने की संभावना हैं। सेक्टर-16 में कामर्शियल प्लाट की कीमत 1.21 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.11 लाख रुपये प्रति वर्ग गज करने की तैयारी है। सेक्टर 79-83 और बड़खल क्षेत्र के कई इलाकों में भी 45 से 60 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की संभावना है।
हिसार में अग्रोहा और अलीपुर में आवासीय भूमि और आर्यनगर में कृषि भूमि के रेट में 73 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है। हिसार के शहरी रिहायशी और व्यावसायिक सेक्टरों में औसतन 15 प्रतिशत की वृद्धि देखी जा रही है। ग्रामीण इलाकों में नहरी और गैर-मुमकिन कृषि भूमि के दामों में 25 प्रतिशत से 75 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होगी। अग्रोहा क्षेत्र की व्यावसायिक संपत्तियों और अशोक विहार तथा गंगवा में आवासीय रेट में 30 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है। नंद विहार में आवासीय रेट में 45 प्रतिशत की बढ़ोतरी प्रस्तावित है।


