केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने रविवार को नशा रोकने के प्रयासों को तेज करने, नशा मुक्ति सेवाओं का विस्तार करने और नशा मुक्त भारत अभियान को व्यापक बनाने का आह्वान किया।
वीरेंद्र कुमार ने यहां डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित नशा मुक्ति और पुनर्वास पर राष्ट्रीय सलाहकार समिति की पांचवीं बैठक की अध्यक्षता की। इसमें राज्यमंत्री बीएल वर्मा, सामाजिक न्याय सचिव सुधांश पंत, वरिष्ठ अधिकारियों, राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों, एनजीओ और अन्य हितधारकों ने भाग लिया।
उप-महानिदेशक प्रतिमा गुप्ता ने एजेंडे के खास बिंदुओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। वीरेंद्र कुमार ने सदस्यों से आग्रह किया कि वे ड्रग्स की मांग में कमी लाने जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दे पर अपने विचार, सुझाव और प्रतिक्रिया सक्रिय रूप से एवं नियमित तौर पर साझा करें।
चर्चा का मुख्य केंद्र नशा रोकने के उपायों को तेज करना था, विशेष रूप से बच्चों और युवाओं में; साथ ही उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्रों को जागरूकता कार्यक्रमों में शामिल करने पर भी जोर दिया गया। समिति ने पूरे देश में नशा मुक्ति और पुनर्वास सेवाओं के विस्तार पर भी जोर दिया, जिसमें महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष केंद्र स्थापित करना और मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना शामिल है।


