दिल्ली में डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद, नाबालिग की चाकू मारकर हत्या

 दिल्ली के रानी बाग इलाके में शुक्रवार की देर रात एक शादी समारोह के दौरान गाना बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

चाकूबाजी की इस घटना में साढ़े 17 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कुछ नाबालिगों समेत सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात शादी समारोह में दो पक्षों के युवकों के बीच अपनी-अपनी पसंद का गाना डीजे पर चलाने को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और एक पक्ष ने चाकू से हमला कर दिया।

सीने में लगे चाकू से घायल हुआ फिर अस्पताल में तोड़ा दम

हमले में नाबालिग के सीने में चाकू लगा, जबकि उसके साथी सनी को कमर के नीचे चोट आई। दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान नाबालिग ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, एसीपी, एसएचओ और क्राइम टीम मौके पर पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान की गई।

रोहिणी के रहने वाले हैं मृतक

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक और घायल युवक रोहिणी के नाहरपुर इलाके के रहने वाले हैं। मृतक मोटर मैकेनिक का काम करता था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देर रात तक चली छापेमारी में कुछ नाबालिगों समेत सात लोगों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फरार अन्य आरोपितों का पुलिस पता लगा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *