पीरूमदारा गांव में कुत्तों के बच्चों (पिल्लों) को डंडे से पीटकर मार डालने व अधमरा कर छोड़ने वाले आरोपित के विरुद्ध पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीसीटीवी से आरोपित की पहचान हुई।
दो दिन पूर्व इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहे एक वीडियो में पीरूमदारा में एक घर के बाहर कुत्ते के तीन-चार छोटे बच्चे सोए दिख रहे थे। इनकी उम्र तीन से चार माह थी। इस बीच एक साइकिल सवार व्यक्ति आया और डंडा उठाकर उन पर वार कर दिया। बताया जा रहा है कि एक पिल्ले की पीठ की हड्डी टूट गई और अगले दिन उसकी मौत भी हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। उनके चिल्लाने पर कालोनी के लोग बाहर आए और आरोपित को फटकारा भी।
यह करतूत करने वाला आरोपित दूसरे मोहल्ले का था। सूचना पर पशु प्रेमी कशिश अग्रवाल व अन्य भी मौके पर पहुंच गए थे। सभी ने एकजुट होकर आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही शिकायत और वीडियो पीपुल्स फार एनीमल संस्था को भी भेजी। डायल 112 पर नीतिका की ओर से सूचना पर पुलिस ने चौकी लाकर आरोपित से पूछताछ की।


