सिंगरौली। जिले के विन्ध्यनगर स्थित हनुमान मंदिर में विगत माह हुई चोरी की घटना का पुलिस द्वारा सफलतापूर्वक खुलासा किए जाने पर स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। इस सराहनीय कार्य के लिए आमजन एवं मंदिर के पुजारियों ने पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) रीवा जोन रीवा से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, फरवरी माह में विन्ध्यनगर स्थित हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों ने रात्रि के समय चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। चोर मंदिर से भगवान हनुमान की चांदी की गदा, चांदी का मुकुट तथा दानपात्र में रखी नकदी लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना विन्ध्यनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की। लगातार प्रयासों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 24 मार्च 2026 को चोरी की घटना का सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने न केवल चोरी गए समस्त सामान को बरामद किया, बल्कि आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत भी किया। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से संतुष्ट होकर विन्ध्यनगर क्षेत्र के नागरिकों एवं हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी ने पुलिस उपमहानिरीक्षक रीवा जोन रीवा श्री हेमंत चौहान से भेंट की। इस दौरान उन्होंने पुष्पगुच्छ एवं हनुमान जी की प्रतिमा भेंट कर पुलिस विभाग के प्रति अपना आभार और सम्मान व्यक्त किया।



